गैंगस्टर अजय यादव पर लखनऊ पुलिस का बड़ा प्रहार, लाखों की काली कमाई सीज

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने सोमवार को एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। आजमगढ़ के रहने वाले और लखनऊ समेत कई जिलों में आतंक का पर्याय बने शातिर अपराधी अजय यादव उर्फ रिंकू की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को कुर्क कर लिया गया है।

स्विफ्ट डिजायर कार हुई सरकारी संपत्ति

गैंगस्टर एक्ट (धारा 14-1) के तहत की गई इस कार्रवाई में अजय यादव की सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (UP 81 BC 8129) को जब्त किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इस कार की वर्तमान कीमत लगभग 3,70,000 रुपये है। विवेचना में यह साफ हुआ कि आरोपी के पास आय का कोई वैध स्रोत नहीं था और यह कार पूरी तरह अपराध की कमाई से खरीदी गई थी।

लाड़-प्यार ने बनाया अपराधी, 4 जिलों में दर्ज हैं 16 केस

पुलिस के अनुसार, अजय यादव एक सामान्य परिवार में पैदा हुआ था, लेकिन बचपन में मिली अत्यधिक छूट और गलत संगत ने उसे जुर्म की राह पर धकेल दिया। साल 2018 में आजमगढ़ के मेंहनगर थाने में हत्या के प्रयास (धारा 307) के साथ उसका आपराधिक सफर शुरू हुआ। इसके बाद उसने गिरोह बनाकर लखनऊ, आजमगढ़, अयोध्या और बाराबंकी में हत्या, लूट, अपहरण और धोखाधड़ी जैसी वारदातों को अंजाम दिया। इलाके में उसका इतना खौफ था कि लोग उसके खिलाफ गवाही देने से भी कतराते थे।

अजय यादव के खिलाफ पारा (लखनऊ) और अयोध्या के कैंट थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत पहले से ही मुकदमे चल रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक काकोरी द्वारा की गई जांच में यह प्रमाणित हुआ कि आरोपी ने समाज विरोधी गतिविधियों के जरिए ही यह भौतिक संपत्ति जुटाई है।

अवैध कमाई पर प्रहार जारी रहेगा

लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने साफ किया है कि इस कार्रवाई का मकसद अपराधियों के आर्थिक साम्राज्य को ध्वस्त करना है ताकि आम जनता के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत हो सके। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी अन्य संगठित अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Also Read: लखनऊ से बाहर किया गया शातिर अपराधी अस्तर अब्बास, ‘गुंडा एक्ट’ के तहत बड़ी कार्रवाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.