लखनऊ: गोसाईगंज में अवैध खनन पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 3 जेसीबी और 7 ट्रैक्टर-ट्रालियां मौके से जब्त
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस और खनन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। ग्राम मोहम्मदपुर गढ़ी में चल रहे अवैध खनन स्थल पर छापेमारी कर पुलिस ने 3 जेसीबी मशीनें और मिट्टी लदी 7 ट्रैक्टर-ट्रालियों को सीज कर दिया है।

मुखबिर की सूचना पर हुई छापेमारी
पुलिस आयुक्त लखनऊ के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत, गोसाईगंज पुलिस को मुखबिर से मोहम्मदपुर गढ़ी गांव में अवैध खनन की सूचना मिली थी। प्रभारी निरीक्षक डी.के. सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खनन अधिकारी को मौके पर बुलाया और घेराबंदी की। जांच के दौरान मौके पर जेसीबी मशीनों से मिट्टी की खुदाई और ट्रालियों में परिवहन होता पाया गया।

नहीं दिखा सके वैध दस्तावेज
जब पुलिस और खनन विभाग की टीम ने मौके पर मौजूद जेसीबी चालकों से खनन और परिवहन से संबंधित अनुमति पत्र या अन्य वैध कागजात मांगे, तो वे कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को कब्जे में ले लिया।
खनन अधिकारी द्वारा उत्तर प्रदेश उप-खनिज परिहार नियमावली, 2021 और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की सुसंगत धाराओं के तहत कुल 10 वाहनों को सीज किया गया है। इनमें से दो ट्रैक्टर-ट्रालियां बिना नंबर प्लेट की पाई गईं, जिससे मामला और भी संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
Also Read: लखनऊ: आयुष्मान योजना में बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़, STF ने 3 सरकारी अधिकारियों समेत 7 को दबोचा

