Lucknow News: दुष्कर्म के आरोपी से पुलिस मुठभेड़, गोली लगने से घायल, अवैध हथियार बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: जोन-दक्षिणी के थाना निगोहां क्षेत्र (लखनऊ) में थाना निगोहां पुलिस और सर्विलांस टीम (दक्षिणी) की संयुक्त कार्रवाई में दुष्कर्म के एक शातिर आरोपी को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी के कब्जे से अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मौके से दो खोखे बरामद किए गए हैं।
घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 01 जून 2026 को पीड़िता ने थाना निगोहां में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि 31 मई 2026 को वह तेलीबाग से ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रही थी।
तेलीबाग चौराहे से ई-रिक्शा में सवार होने के बाद मदापुर चौराहे पर अन्य सवारियों के उतर जाने पर ऑटो चालक और उसके साथी ने उसे बहाने से गौतमखेड़ा की ओर सुनसान स्थान पर ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया।
इस संबंध में थाना निगोहां पर मु0अ0स0-59/2026 धारा 64(1) बीएनएस के तहत अज्ञात ऑटो चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच और आरोपी की पहचान
पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) के निर्देशन में तीन टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और मैनुअल व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान उपदेश लोधी उर्फ गहना (26 वर्ष), निवासी ग्राम रंजीत खेड़ा, मजरा विरसिंहपुर, थाना निगोहां, लखनऊ के रूप में हुई।
मुठभेड़ का विवरण
दिनांक 06 जून 2026 को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम क्षेत्र में दबिश दे रही थी। मुखबिर की सूचना पर जंगल मंगल तिराहा से ग्राम रमादाई खेड़ा जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने आरोपी को घेर लिया।
खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
उसे उपचार के लिए पीजीआई ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। पुलिस आरोपी के सहयोगी की तलाश में जुटी है।
आपराधिक इतिहास
आरोपी उपदेश लोधी उर्फ गहना के खिलाफ थाना महाराजगंज, रायबरेली में वर्ष 2023 में धारा 120बी, 307, 324 और 506 भादवि के तहत मामला दर्ज है।
बरामदगी
- एक अवैध देशी तमंचा (.315 बोर)
- एक जिंदा कारतूस (.315 बोर)
- दो कारतूस खोखा (.315 बोर)
- ऑटो संख्या UP32 ST 4199
गिरफ्तारी करने वाली टीम
थाना निगोहां पुलिस एवं सर्विलांस टीम (दक्षिणी), कमिश्नरेट लखनऊ।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और फरार सहयोगी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
Also Read: Lucknow News: नकली पान मसाला फैक्ट्री का भंडाफोड़, STF ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

