लखनऊ: जमीन विवाद में हत्या कर शव जलाने वाले 5 शातिर अभियुक्त गिरफ्तार, पुलिस ने किया खुलासा
Sandesh Wahak Digital Desk: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के थाना निगोहाँ पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए, हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जला देने वाले 5 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दिनांक 08 दिसंबर 2025 को की गई।
घटना का विवरण
15 नवंबर 2025 को पीड़ित कबीर उर्फ शिव प्रकाश घर से लापता हो गए थे, जिसकी गुमशुदगी थाना निगोहां में दर्ज की गई थी। खोजबीन के दौरान रायबरेली-उन्नाव सीमा पर (थाना बीघापुर, जनपद उन्नाव) एक अज्ञात पुरुष का अधजला शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान परिजनों ने कबीर उर्फ शिव प्रकाश के रूप में की।
हत्या का उद्देश्य: करोड़ों की कीमती जमीन
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या का मुख्य उद्देश्य एक कीमती जमीनी विवाद था।
मृतक कबीर की माता स्वर्गीय सत्यवती के नाम पर रायबरेली-लखनऊ राजमार्ग के किनारे करीब 44 बिस्वा जमीन थी। गिरफ्तार मुख्य अभियुक्त सुजीत कुमार श्रीवास्तव (प्रापर्टी डीलिंग) ने मृतक के बड़े भाई शिव सहाय गौतम से पॉवर ऑफ अटॉर्नी लेकर वर्ष 2019 में सुनियोजित तरीके से इस जमीन को कई बार आगे बेचा।
मृतक कबीर उर्फ शिव प्रकाश को इस धोखाधड़ी की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने अपने भाई और अन्य पार्टियों (सतगुरु) के विरुद्ध माननीय न्यायालय में मुकदमा दायर कर दिया था और लगातार उसकी पैरवी कर रहे थे।
अभियुक्त सुजीत और उसके साथियों को डर था कि कबीर मुकदमा जीत सकते हैं, जिससे उन्हें यथार्थ ग्रुप से लिया गया पैसा वापस करना पड़ता। न्यायालय के मुकदमे में हार से बचने के लिए सुजीत ने आपराधिक षडयंत्र रचा।

वारदात को दिया गया अंजाम
योजनाबद्ध तरीके से 15 नवंबर 2025 की शाम को सुजीत ने अपने साथियों (पिंटू, विनोद, लालू, राजू) के साथ मिलकर कबीर उर्फ शिव प्रकाश को धोखे से लालपुर टावर के पास बुलाया। अभियुक्तों ने कबीर को जबरन दो स्विफ्ट डिजायर कारों (नं. UP32PA0272 और UP32LA7854) में बैठा लिया। लिंक मार्गों का उपयोग करते हुए, उन्होंने गाड़ी के अंदर ही गला दबाकर कबीर की हत्या कर दी।
साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को डलमऊ-लालगंज से घूमते हुए उन्नाव (थाना बीघापुर) के पास एक खाई में फेंक दिया गया और पेट्रोल डालकर जला दिया गया ताकि शव की शिनाख्त न हो सके।
गिरफ्तार अभियुक्त
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 05 अभियुक्तों सुजीत कुमार श्रीवास्तव (प्रापर्टी डीलर), पिन्टू, विनोद, लालू उर्फ नीरज कश्यप और राजू उर्फ राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य अभियुक्त दिलीप रावत फरार है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी द्वारा ₹25,000 का पुरस्कार दिया गया है।
Also Read: लव, ब्लैकमेल और सुसाइड: मीनाक्षी शर्मा की भूमिका संदिग्ध, इंस्पेक्टर को ब्लैकमेल करने का आरोप

