लखनऊ पुलिस ने ढूंढ निकाले 10 लाख के 72 गुमशुदा मोबाइल, मालिकों को लौटाए
Lucknow News: लखनऊ की मड़ियांव पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लोगों के गुम या चोरी हुए 72 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। गुरुवार को इन सभी फोनों को महानगर थाने में उनके असली मालिकों को वापस कर दिया गया। किसी का फोन एक साल से तो किसी का दो साल से खोया हुआ था। अपना कीमती फोन वापस पाकर सभी के चेहरे खुशी से खिल उठे।
एडीसीपी नॉर्थ गोपीनाथ सोनी ने बताया कि मड़ियांव पुलिस काफी लंबे समय से चोरी और मिस हुए फोन की ऑनलाइन और ऑफलाइन शिकायतों पर काम कर रही थी। तकनीकी मदद से पूरे प्रदेशभर में इन फोनों की लोकेशन ट्रैक की गई और उन्हें बरामद किया गया।
अपना फोन वापस पाने वाली पल्लवी सिंह जोगिया ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए बताया, मेरे बेटे का मोबाइल फोन आईआईएम इंस्टीट्यूट के पास से गुम हुआ था। मोबाइल गायब हुए 1 साल 2 महीने हो गए थे। मंगलवार को जब पुलिस का फोन आया कि आपका मोबाइल मिल गया है और आकर थाने से ले जाएं, तो सुनकर बहुत खुशी हुई। लखनऊ पुलिस का धन्यवाद। सीएम योगीजी हैं तो यह सब संभव है। यह मेरा पहला अनुभव था, तब जानकारी हुई कि खोया हुआ मोबाइल फोन सच में वापस मिल जाता है।
अमन वर्मा ने अपनी कहानी बताते हुए कहा कि करीब 2 साल पहले वह इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर खड़े थे। एक लड़के ने कॉल करने के बहाने उनका मोबाइल मांगा और फिर दो बाइक सवार युवकों के साथ बैठकर भाग गया। अमन ने बताया, मैंने शिकायत दर्ज कराई थी। मंगलवार को जब पुलिस की कॉल आई तो बहुत अच्छा लगा। अपना खोया हुआ मोबाइल दो साल बाद वापस मिला है।
Also Read: अरुणाचल में मजदूरों से भरा ट्रक खाई में गिरा, 22 की मौत

