CCTV के जाल में फंसा शातिर चोर, 100 कैमरों की फुटेज खंगालकर लखनऊ पुलिस ने बरामद की चोरी की DCM

Sandesh Wahak Digital Desk: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की दक्षिणी जोन अंतर्गत थाना मोहनलालगंज पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बड़ी चोरी की घटना का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित कार्रवाई के आधार पर एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर करीब 15 लाख रुपये की कीमत का चोरी का माल बरामद किया है।

बता दें कि सोमवार (22 दिसंबर 2025) को सरोजनी नगर निवासी संजय सिंह यादव ने सूचना दी थी कि जैतीखेड़ा स्थित उनकी फर्म ‘विक्रम ट्रांसपोर्ट कंपनी’ के बाहर खड़ी एक डीसीएम (UP 32 YN 8964) सहित अन्य गाड़ियों की बैटरियां और स्टेपनी अज्ञात चोरों ने रात करीब 1 बजे चोरी कर ली हैं। इस संबंध में थाना मोहनलालगंज में मु0अ0सं0 516/25 (धारा 303 (2) BNS) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

ऐसे हुआ शातिर अभियुक्त का खुलासा

पुलिस की दो विशेष टीमों ने घटना के अनावरण के लिए 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले। सटीक सूचना और घेराबंदी के बाद 23 दिसंबर को पुलिस ने गनियार-मोहनलालगंज मार्ग से अभियुक्त शैलेन्द्र कुमार (निवासी रायबरेली) को गिरफ्तार कर लिया।

अभियुक्त के कब्जे से बरामदगी

चोरी की गई डीसीएम (वाहन संख्या UP 32 YN 8964)

03 बैटरियां और 03 स्टेपनी

कुल बरामद माल की कीमत: लगभग ₹15 लाख।

पूछताछ में खुला ‘भेदिया’ कनेक्शन

पूछताछ में गिरफ्तार शैलेन्द्र ने बताया कि उसका साथी राज, जो पहले इसी ट्रांसपोर्ट कंपनी में चालक था, ने ही उसे गाड़ियों की लोकेशन और सुरक्षा की पूरी जानकारी दी थी। चोरी के बाद दोनों भागने की फिराक में थे, लेकिन रास्ते में गाड़ी का डीजल खत्म हो गया। जब साथी राज डीजल लेने गया, तभी पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शैलेन्द्र को दबोच लिया।

इस सफल खुलासे में मुख्य रूप से उ0नि0 आशीष कुमार, उ0नि0 सिद्धार्थ, कांस्टेबल सूरजभान सिंह, रागजवेन्द्र गौतम और अमित गुर्जर शामिल रहे। पुलिस अब फरार अभियुक्त ‘राज’ की तलाश में दबिश दे रही है।

Also Read: अमेठी सांसद के.एल. शर्मा का बड़ा दावा, बोले- निष्पक्ष चुनाव हुए तो पंचायत में सबसे आगे होगी कांग्रेस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.