लखनऊ पुलिस का ‘यक्ष’ प्रहार, एक घंटे में की थी दो लूट, 48 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे पहुंचे लुटेरे
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की काकोरी पुलिस ने एक घंटे के अंतराल पर हुई दो सनसनीखेज लूट की घटनाओं का महज 48 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने डिजिटल तकनीक और मुखबिर तंत्र के सटीक तालमेल से दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इस सफलता में पुलिस का ‘यक्ष ऐप’ (Yaksh App) सबसे बड़ा मददगार साबित हुआ।
हरदोई रोड और मौंदा में फैलाई थी दहशत
बता दें कि ये घटना 19 मार्च 2026 की है। लुटेरों ने पहले हरदोई रोड स्थित रोशन लॉन के सामने सुमित तिवारी से मारपीट कर उनकी मोटरसाइकिल और पोको मोबाइल लूटा। इसके ठीक एक घंटे के भीतर लुटेरों ने मौंदा पेट्रोल पंप के पास मनोज नाम के युवक से स्प्लेंडर बाइक और पर्स छीन लिया। एक ही रात में हुई दो बड़ी वारदातों से इलाके में हड़कंप मच गया था।

यक्ष ऐप और CCTV का ‘डिजिटल जाल’
प्रभारी निरीक्षक सतीश राठौर के नेतृत्व में गठित चार टीमों ने घटनास्थल के आसपास के CCTV कैमरों को खंगाला। फुटेज में संदिग्धों के चेहरे नजर आए, जिसकी पहचान के लिए पुलिस ने यक्ष ऐप की मदद ली। ऐप के जरिए मुख्य अभियुक्त अजय राजपूत की पहचान हुई और उसका मोबाइल नंबर भी मिल गया। सर्विलांस से पुष्टि हुई कि घटना के समय अजय की लोकेशन वारदात वाली जगह पर ही थी।
घेराबंदी: नरौना नहर मोड़ पर दबोचे गए लुटेरे
22 मार्च की रात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नरौना नहर मोड़ पर चेकिंग के दौरान दो अभियुक्तों को दबोच लिया। गिरफ्तार लुटेरों की पहचान अजय राजपूत (22 वर्ष) और दीपांशु उर्फ लक्की राजपूत (19 वर्ष) के रूप में हुई है। इनके पास से लूटी गई एक मोटरसाइकिल, दोनों घटनाओं के मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक अन्य बाइक बरामद हुई है।
पुलिस टीम को 10 हजार का इनाम
डीसीपी (पश्चिम) द्वारा इस त्वरित और सफल कार्यवाही के लिए काकोरी पुलिस और सर्विलांस टीम को 10,000 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की गई है। पुलिस अब गिरोह के फरार दो अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। मुख्य अभियुक्त अजय का पुराना आपराधिक इतिहास भी है और वह पहले भी लूट व अपहरण जैसे मामलों में जेल जा चुका है।
Also Read: Bareilly News: सेंधा वन खंड में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, रोपे गए फलदार और औषधीय पौधे

