Lucknow: KGMU के फरार डॉ. रमीज नायक पर पुलिस का बड़ा एक्शन, शुरू हुई प्रॉपर्टी कुर्की की प्रक्रिया
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के केजीएमयू के जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर रमीज उद्दीन नायक, जो दुष्कर्म और जबरन धर्म परिवर्तन के मामले में फरार चल रहे हैं, अब पुलिस के रडार पर हैं। बार-बार समन भेजने के बावजूद जब डॉक्टर ने सरेंडर नहीं किया, तो पुलिस ने अब उनकी संपत्ति कुर्क करने (कुर्की) की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला एक महिला डॉक्टर की शिकायत के बाद सामने आया था। पीड़िता के मुताबिक जुलाई में डॉ. रमीज से उसकी दोस्ती हुई थी। आरोप है कि शादी का झांसा देकर रमीज ने उसका शारीरिक शोषण किया। सितंबर में जब पीड़िता गर्भवती हुई, तो डॉक्टर ने उसका जबरन गर्भपात करा दिया। नवंबर में जब शादी की बात आई, तो डॉक्टर रमीज ने पीड़िता के सामने ‘धर्म परिवर्तन’ की शर्त रख दी। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी।
पुलिस की अब तक की कार्रवाई
चौक पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी, जबरन गर्भपात और ‘उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम’ के तहत मुकदमा दर्ज किया था। डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी अभी भी फरार है, इसलिए अब सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
अगला कदम: धारा-82 का नोटिस
पुलिस की एक विशेष टीम जल्द ही डॉक्टर के स्थायी पते उधम सिंह नगर (उत्तराखंड) और उनके मूल निवास पीलीभीत जाएगी। वहां अदालत के आदेशानुसार धारा-82 के तहत नोटिस चस्पा किया जाएगा (जो किसी अपराधी के फरार होने की सार्वजनिक घोषणा होती है)। इसके बाद भी अगर आरोपी सामने नहीं आता, तो उसकी संपत्ति जब्त कर ली जाएगी। पुलिस डॉक्टर के करीबियों और मददगारों पर भी कड़ी नजर रख रही है।
Also Read: बरेली: करोड़ों की स्मैक और ड्रग्स बनाने वाले केमिकल के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, कार और नकदी भी बरामद

