लखनऊ पुलिस का ‘मिशन मिलाप’, केरल से साल भर पहले लापता हुआ युवक ठाकुरगंज में मिला

Sandesh Wahak Digital Desk: कहते हैं कि अगर पुलिस ठान ले तो सात समंदर पार बैठे शख्स को भी अपनों से मिला सकती है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है लखनऊ की ठाकुरगंज पुलिस ने। करीब एक साल पहले केरल के एर्नाकुलम जिले से गायब हुए जिम्मी कुरियाकोसे को पुलिस ने सकुशल बरामद कर उसके पिता और केरल पुलिस की टीम को सौंप दिया है।

गुलाला घाट पर बदहवास मिला था युवक

घटना की शुरुआत 24 फरवरी को हुई, जब ठाकुरगंज पुलिस के उप-निरीक्षक हेमू पटेल और सिपाही आदेश सिंह राठौर को सूचना मिली कि गुलाला घाट के पास एक युवक काफी मानसिक विक्षिप्त और बदहवास हालत में घूम रहा है। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो देखा कि युवक के पैर में गहरी और पुरानी चोट थी। पुलिस ने पहले उसे प्राथमिक उपचार दिलाया और फिर प्यार से उसका नाम-पता पूछना शुरू किया।

केरल पुलिस से जुड़ गई कड़ी

युवक ने अपना नाम जिम्मी कुरियाकोसे बताया और बमुश्किल एक मोबाइल नंबर दिया। जब उस नंबर पर संपर्क किया गया, तो पता चला कि यह केरल के एर्नाकुलम जिले के नेडमबास्सरी एयरपोर्ट थाने का है। लखनऊ पुलिस ने तुरंत वहां की पुलिस से संपर्क किया और युवक की फोटो भेजी। फोटो देखते ही वहां हड़कंप मच गया, क्योंकि जिम्मी की गुमशुदगी की रिपोर्ट वहां 23 अप्रैल 2025 से दर्ज थी।

जब बेटे को देख फफक पड़े पिता

बेटे के मिलने की खबर सुनते ही केरल पुलिस की क्राइम ब्रांच और जिम्मी के पिता टोनी कुरियाकोसे तुरंत लखनऊ के लिए रवाना हुए। आज, 25 फरवरी को जब टोनी कुरियाकोसे ठाकुरगंज थाने पहुंचे और एक साल बाद अपने बेटे को सही-सलामत देखा, तो उनकी आँखों से खुशी के आँसू छलक पड़े। पूरी कानूनी प्रक्रिया और तस्दीक के बाद जिम्मी को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस की मानवीय छवि की हो रही प्रशंसा

ठाकुरगंज पुलिस के इस मानवीय कार्य की इलाके में जमकर तारीफ हो रही है। लोग कह रहे हैं कि अगर पुलिस इसी तरह सक्रियता और संवेदनशीलता दिखाए, तो कई बिछड़े हुए परिवार फिर से बस सकते हैं। प्रभारी निरीक्षक ओमवीर सिंह चौहान और उनकी टीम के इस प्रयास ने जनता के बीच पुलिस की एक सकारात्मक छवि पेश की है।

Also Read: लखनऊ: इनाया हाइट्स का गार्ड ही निकला चोर, पुलिस ने बिजली के तार के साथ किया गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.