Lucknow: कॉल आने के बाद घर से निकला रिकवरी एजेंट, लोहिया अस्पताल में मिला खून से लथपथ शव
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के इंदिरा नगर सेक्टर-8 क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक रिकवरी एजेंट का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खून से लथपथ मिला। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
मृतक की पहचान और घटनाक्रम
शशि प्रकाश उपाध्याय (24 वर्ष), जो इंदिरानगर सेक्टर-8, रघुराजनगर में किराए पर रहते थे। मृतक के भाई रवि ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे शशि के पास किसी का फ़ोन आया था, जिसके बाद वह टहलते हुए घर से बाहर निकले थे। देर रात परिवार को पुलिस से सूचना मिली कि शशि की तबीयत खराब है और उन्हें लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब परिजन अस्पताल पहुँचे, तो उन्हें शशि प्रकाश की मौत की खबर मिली।
परिवार ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के भाई रवि ने स्पष्ट रूप से हत्या की आशंका व्यक्त की है। रवि ने बताया कि आस-पास के लोगों से पता चला है कि कुछ लोगों ने शशि को मारा है। शव की स्थिति को देखते हुए, परिवार का कहना है कि उनकी पीट-पीटकर हत्या की गई है। गाजीपुर इंस्पेक्टर का कहना है कि पुलिस हर पहलू से मामले की जाँच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: लखनऊ में राष्ट्रीय जंबूरी की भव्य तैयारी, सीएम योगी ने किया निरीक्षण, 45 करोड़ से बन रही टेंट सिटी

