Lucknow News: गलत खानपान और दर्द निवारक दवाओं के अधिक सेवन से बढ़ रहा किडनी रोग का खतरा

Lucknow News: बदलती जीवनशैली, गलत खानपान, तनाव और स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही के कारण किडनी से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।

हाई ब्लड प्रेशर, मधुमेह और बिना डॉक्टर की सलाह के दर्द निवारक दवाओं का अधिक सेवन भी किडनी को नुकसान पहुंचा सकता है।

यह जानकारी डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान की नेफ्रोलॉजी विभाग की प्रोफेसर डॉ. नमिता राव ने दी।

शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करें

डॉ. राव ने बताया कि किडनी की बीमारी शुरुआती चरण में अक्सर स्पष्ट लक्षण नहीं देती। बीमारी बढ़ने पर शरीर में विषैले तत्व जमा होने लगते हैं और गंभीर स्थिति में डायलिसिस की जरूरत पड़ सकती है।

उन्होंने बताया कि किडनी खराब होने पर पैरों और टखनों में सूजन, अत्यधिक थकान, कमजोरी, पेशाब के रंग या मात्रा में बदलाव, भूख कम लगना और उल्टी जैसा महसूस होना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।

ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज करने के बजाय चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।

पर्याप्त पानी और संतुलित खानपान जरूरी

डॉ. राव ने किडनी को स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हरी सब्जियों और ताजे फलों को आहार में शामिल करने तथा नियमित व्यायाम की सलाह दी।

उन्होंने तनाव से बचने और प्रोटीन का सेवन चिकित्सकीय सलाह के अनुसार करने की बात कही।

उन्होंने कहा कि बिना डॉक्टर की सलाह के दर्द निवारक दवाओं का सेवन नहीं करना चाहिए।

किडनी से संबंधित समस्या वाले लोगों को समय-समय पर किडनी फंक्शन टेस्ट और यूरिन की जांच भी करानी चाहिए।

डॉ. राव के अनुसार, समय रहते जागरूकता, नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर किडनी की गंभीर समस्याओं के जोखिम को कम किया जा सकता है।

Also Read: Lucknow News: जौनपुर के 5 सरकारी स्कूल ‘गायब’! संजय सिंह बोले- खोजकर दिखाओ, 1 लाख इनाम पाओ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.