लखनऊ: RM अमरनाथ सहाय का ‘ग्राउंड जीरो’ पर एक्शन, आलमबाग और चारबाग डिपो में औचक निरीक्षण
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) के नवागत क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय ने कार्यभार संभालते ही कड़े तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शनिवार को उन्होंने आलमबाग बस स्टेशन और चारबाग डिपो सहित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान व्यवस्थाओं में भारी खामियां मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई और सुधार के लिए एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है।
“यात्री देवो भव” का दिया मंत्र
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक ने स्वयं यात्रियों से संवाद किया और सुविधाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार किया जाए। स्टेशन पर लगेज स्कैनिंग मशीन, चार्जिंग प्वाइंट, शौचालयों और बसों की साफ-सफाई की स्थिति देख उन्होंने असंतोष जताया और परिसर को तत्काल व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
हैदरगढ़ और चारबाग डिपो में मिलीं गंभीर खामियां
हैदरगढ़ डिपो के निरीक्षण में किलोमीटर और टिकट दरों में अंतर पाया गया, जिसे तुरंत ठीक करने का आदेश दिया गया। बिना यूनिफॉर्म के ड्राइवर-कंडक्टरों को ऑनलाइन ड्यूटी स्लिप जारी किए जाने पर RM ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह के निर्देशों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चारबाग डिपो कार्यालय में कुर्सियां, स्विच और लाइटें जर्जर हालत में मिलीं, जिनकी तत्काल मरम्मत के आदेश दिए गए।
ग्रामीण सेवा और पार्सल सुरक्षा की समीक्षा
मुख्यमंत्री ग्रामीण जनता सेवा के तहत उन मार्गों की समीक्षा की गई जहाँ आय कम हो रही है। साथ ही, पार्सल घर में ज्वलनशील पदार्थों की सुरक्षा और पार्सल रखरखाव की भी जांच की गई।
एक सप्ताह का अल्टीमेटम
क्षेत्रीय प्रबंधक ने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों (ARM) को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान आलमबाग ARM राजेश कुमार, हैदरगढ़ ARM जगदीश प्रसाद और चारबाग ARM आर.एस. वर्मा मौजूद रहे।

