Lucknow News: आज से लागू हुआ रूट डायवर्जन, जानें कहां से होकर गुजरेंगी गाड़ियां?
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। सत्र के दौरान यातायात की सुगमता को देखते हुए लखनऊ की कई सड़कों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है। अब विधानसभा की ओर जाने वाले मार्गों पर आम वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था सत्र समाप्त होने तक जारी रहेगी।
क्यों बदला गया है रूट?
विधान भवन में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और विधान परिषद के सदस्य जैसे तमाम बड़े राजनेता पहुंचेंगे। साथ ही, राजनीतिक दलों द्वारा धरना-प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए यह फैसला लिया गया है ताकि यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।
इमरजेंसी सेवाओं को छूट
हालांकि, इस रूट डायवर्जन से एम्बुलेंस, शव वाहन, फायर ब्रिगेड और स्कूल बसों जैसी इमरजेंसी सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट दी गई है। अगर आपको किसी भी तरह की मदद चाहिए तो ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
इन रास्तों से होकर गुजरना होगा
बंदरियाबाग चौराहा: यहां से आने वाले वाहन लालबत्ती चौराहा, कैंट या गोल्फ क्लब चौराहा होकर जा सकेंगे।
डीएसओ चौराहा: इस चौराहे से पार्क रोड और मेफेयर तिराहा होकर जाना होगा।
रॉयल होटल चौराहा: यहां से आने वाले वाहन कैसरबाग चौराहा, परिवर्तन चौक या बर्लिंगटन चौराहा होकर जाएंगे।
रोडवेज और सिटी बसें: महानगर की तरफ से आने वाली बसें सिकंदरबाग चौराहा की ओर नहीं जा पाएंगी। उन्हें बैकुंठ धाम, 1090 चौराहा या लालबत्ती चौराहा होकर जाना पड़ेगा।
गोमतीनगर से आने वाली बसें: ये बसें भी सिकंदरबाग चौराहा नहीं जा पाएंगी। उन्हें बैकुंठ धाम, चिरैयाझील तिराहा या 1090 चौराहे से होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा।
Also Read: स्वामी प्रसाद को थप्पड़ मारने वाला रोहित द्विवेदी जमानत पर रिहा, मिला 11 लाख का चेक

