लखनऊ के सैरपुर में अवैध असलहे के साथ युवक गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद, बाइक भी सीज
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के उत्तरी जोन स्थित सैरपुर थाना पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने बीरमपुर निवासी एक 20 वर्षीय युवक को अवैध देशी तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक की पहचान अंशू निषाद के रूप में हुई है, जो इलाके में फास्ट फूड की दुकान चलाता है।
खडंजे पर खड़ा था संदिग्ध, पुलिस को देख उड़े होश
जानकारी के अनुसार, बुधवार (28 जनवरी) की रात उपनिरीक्षक अनुज कुमार गुप्ता अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि खटैय्या चौराहे से धौबैला जाने वाले रास्ते पर एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार के साथ खड़ा है। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए घेराबंदी की और मौके से अंशू निषाद को हिरासत में ले लिया।
तलाशी में मिला .315 बोर का तमंचा
जब पुलिस ने अंशू की जामा तलाशी ली, तो उसके पास से .315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। जब पुलिस ने हथियार से संबंधित लाइसेंस मांगा, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने उसे रात करीब 8:35 बजे गिरफ्तार कर लिया।
बिना कागजात की बाइक भी हुई सीज
गिरफ्तारी के समय अंशू के पास एक हीरो स्प्लेंडर बाइक (UP32 MA 1086) भी थी। बाइक के कागजात मौके पर न दिखा पाने के कारण पुलिस ने एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत वाहन को सीज कर दिया है।
सैरपुर थाना पुलिस ने आरोपी अंशू निषाद के खिलाफ आर्म्स एक्ट (धारा 3/25) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आवश्यक कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
Also Read: Lucknow News: काकोरी के बहरू गांव में अंबेडकर प्रतिमा खंडित, तैनाव के बाद भारी पुलिस बल तैनात

