लखनऊ: SIR ड्यूटी के वर्कलोड से शिक्षामित्र की मौत का आरोप, परिवार ने मांगा इंसाफ

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र के सराँवा गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र विजय कुमार वर्मा (50) की इलाज के दौरान एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। डॉक्टरों ने उनकी मौत का कारण ब्रेन हैमरेज बताया है। शिक्षामित्र की मौत के बाद उनके परिवार में कोहराम मच गया है, और परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

मानसिक प्रताड़ना का आरोप

मृतक की पत्नी संगीता रावत ने आरोप लगाया है कि उनके पति विजय कुमार वर्मा, जो विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) की ड्यूटी कर रहे थे, अत्यधिक काम के दबाव और तहसील के जिम्मेदार लोगों के लगातार फोन से मानसिक रूप से प्रताड़ित थे।

पत्नी संगीता रावत के अनुसार, काम के अत्यधिक दबाव के चलते ही 14 नवंबर को विजय वर्मा को ब्रेन हैमरेज और पैरालाइसिस अटैक पड़ा। उन्हें चरक अस्पताल लखनऊ में भर्ती कराया गया। 15 नवंबर को बीएलओ और अधिकारियों के ग्रुप पर इसकी लिखित सूचना देने के बावजूद, परिवार को अभी तक किसी भी जिम्मेदार से कोई आर्थिक सहयोग नहीं मिला है। विजय वर्मा के परिवार में पत्नी संगीता रावत और बेटा हर्षित वर्मा हैं।

शिक्षामित्र संघ ने मांगी सरकारी मदद

विजय वर्मा की मौत की खबर मिलते ही क्षेत्र के तमाम शिक्षामित्र उनके घर पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ की मलिहाबाद इकाई ने इस मामले पर तत्काल बैठक की। ब्लॉक अध्यक्ष वचनेश कुमार और महामंत्री विजय कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया कि बिना संसाधन उपलब्ध कराए ही बीएलओ से काम कराया जा रहा है और बार-बार फोन कर पूछताछ से ज्यादातर बीएलओ भारी मानसिक दबाव में हैं।

संघ ने तत्काल एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिए जाने और मृतक के बेटे को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही यह मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Also Read: पत्रकार सुशील अवस्थी पर जानलेवा हमले को लेकर लखनऊ में प्रदर्शन, पुलिस को दी चेतावनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.