Lucknow : दोस्त की मौत से सदमे में दूसरे युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के मलिहाबाद में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक दोस्त की मौत से टूटकर दूसरे ने भी अपनी जान दे दी। यह घटना बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे सरावां गांव के पास हुई।
मिली जानकारी के अनुसार सरावां गांव के रहने वाले मनीष कुमार (18) और सागर (19) गहरे दोस्त थे। दोनों सुबह एक बाग में आम तोड़ने जा रहे थे। रास्ते में वे हंसते-हंसते चल रहे थे कि तभी सागर ने मजाक में मनीष को धक्का दे दिया। दुर्भाग्य से, मनीष उसी वक्त पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
दोस्त की मौत का सदमा और दूसरा हादसा
मनीष की मौत से सागर पूरी तरह से घबरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसने पहले एक और ट्रक के सामने लेटकर जान देने की कोशिश की, लेकिन उस ट्रक के ड्राइवर की सूझबूझ से वह बच गया। इसके बाद, वह फरीदीपुर गांव की तरफ भागा और वहां रेलवे क्रॉसिंग पर एक ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी।
मलिहाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि मनीष और सागर बहुत जिगरी दोस्त थे और हमेशा साथ ही रहते थे। उन्होंने पुष्टि की कि मनीष की मौत से सदमे में आकर ही सागर ने यह कदम उठाया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, मृतकों के परिजनों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
Also Read: शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा पर भावुक हुए माता-पिता, बोले- बेटे ने देश का नाम रोशन किया

