लखनऊ: मड़ियांव ओवरब्रिज के नीचे गांजा बेच रहा तस्कर गिरफ्तार, 2 किलो से अधिक नशीला पदार्थ बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत मड़ियांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मड़ियांव ओवरब्रिज के नीचे अंधेरे का फायदा उठाकर अवैध रूप से गांजा बेच रहे एक शातिर तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’
6 जनवरी 2026 को थाना मड़ियांव की पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मड़ियांव ओवरब्रिज के नीचे एक व्यक्ति पीले रंग का झोला लिए खड़ा है और चोरी-छिपे गांजा सप्लाई कर रहा है। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा।
आरोपी का विवरण और बरामदगी
गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान चेतन शर्मा (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मोहिबुल्लापुर, श्रीनगर (मड़ियांव) का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से कुल 2.173 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसमें 32 छोटी पुड़िया भी शामिल थीं। गांजा बेचने से मिले 5,460 रुपये भी आरोपी के पास से बरामद हुए। पुलिस ने बताया आरोपी क्षेत्र में पान मसाले की गुमटी चलाता है, जिसकी आड़ में वह तस्करी का धंधा कर रहा था।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी चेतन शर्मा के खिलाफ थाना मड़ियांव में मुकदमा अपराध संख्या 08/2026 के तहत 8/20 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम ने मानवाधिकार आयोग और सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन किया। फिलहाल पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास और उसके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस टीम की कामयाबी
इस गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजदीप चौधरी, उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र चौधरी और हेड कांस्टेबल कमलेश वर्मा शामिल रहे। आरोपी को विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
Also Read: Lucknow: पुलिस कमिश्नरेट का ‘क्लीन सिटी’ अभियान, 30 ठिकानों पर छापेमारी, ड्रग्स बरामद

