Lucknow News: सील सहारा शहर में करोड़ों की चोरी, STF ने 6 शातिर चोरों को दबोचा

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित सहारा शहर, जिसे हाल ही में नगर निगम ने सील किया था, वहां सुरक्षा के दावों की पोल खुल गई है। शातिर चोरों ने सील परिसर के अंदर घुसकर न केवल अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स की महंगी घड़ियों पर हाथ साफ किया, बल्कि वहां रखे सोने-चांदी के बर्तन और हथियार भी चोरी कर लिए।

एसटीएफ के एएसपी अमित कुमार नागर के नेतृत्व में टीम ने सोमवार देर रात सहारा पुल के नीचे घेराबंदी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि चोरों का एक गिरोह चोरी का भारी सामान लेकर शहर से भागने की फिराक में है। टीम ने सुरक्षा अधिकारियों के साथ मिलकर दबिश दी और छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी हरदोई, बहराइच और लखनऊ के रहने वाले हैं। चोरों के पास से बरामद सामान की फेहरिस्त देख अधिकारी भी हैरान रह गए।

महंगी घड़ियां: राडो (Rado), गिरार्ड-पेरेगाक्स, पाको रैबेन और टाइटन जैसे बड़े ब्रांड्स की लग्जरी घड़ियां।

जेवर और चांदी: करीब 1 किलो चांदी का पीकदान, आधा किलो चांदी की सिंदूर दानियां, सोने की चेन और बालियां।

हथियार: .32 बोर की दो सेमी-आटोमेटिक पिस्टल और कारतूस।

अन्य: 878 कैसिनो कॉइन्स, एलसीडी टीवी, कैमरे और चोरी में इस्तेमाल एक्सयूवी-500 व एक पिकअप गाड़ी।

कबाड़ के बहाने करते थे रेकी

पूछताछ में आरोपियों ने अपना तरीका (Modus Operandi) बताया। वे दिन में कबाड़ खरीदने के बहाने इलाके में घूमकर रेकी करते थे कि कहां सुरक्षा कम है। रात के अंधेरे में वे सील किए गए परिसरों में घुसते और लॉकर तोड़कर कीमती सामान निकाल लेते थे। आरोपियों ने कबूला कि वे अब तक करोड़ों का सामान बेच चुके हैं और करीब 10 क्विंटल तांबा-पीतल भी खपा चुके हैं।

नगर निगम की सुरक्षा पर उठे सवाल

इतने सुरक्षित माने जाने वाले और नगर निगम द्वारा सील किए गए परिसर में चोर बार-बार कैसे घुस रहे थे? यह एक बड़ा सवाल है। आरोपियों ने बताया कि वे कई बार सहारा शहर के अंदर दाखिल हुए। इससे साफ जाहिर होता है कि सीलिंग के बाद वहां न तो पर्याप्त गार्ड थे और न ही सीसीटीवी से निगरानी की कोई ठोस व्यवस्था की गई थी।

Also Read: दिल्ली के पालम में चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 6 लोगों की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.