लखनऊ: MLA बेदीराम और प्रॉपर्टी डीलर के बीच ‘सड़क’ पर संग्राम, जमीन कब्जे का लगा आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी बेबाकी और विवादों के लिए पहचाने जाने वाले सुभासपा विधायक बेदीराम एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार विवाद की जड़ लखनऊ की एक बेशकीमती जमीन और सड़क की चौड़ाई को लेकर है।

पॉश इलाके गोमतीनगर विस्तार (बाघामऊ) में सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर सुभासपा विधायक बेदीराम और प्रॉपर्टी डीलर तारा सिंह बिष्ट के बीच ठन गई है। दोनों के बीच हुई तीखी बहस का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है।

विवाद की वजह: 40 फीट या 16 फीट?

पूरा विवाद बाघामऊ स्थित एक सड़क की चौड़ाई को लेकर है। जहां प्रॉपर्टी डीलर तारा सिंह बिष्ट का आरोप है कि वहां नगर निगम की सड़क 40 फीट चौड़ी थी। विधायक ने अपनी 16 बिस्वा जमीन की बाउंड्रीवॉल सरकारी सड़क की जमीन को दबाकर 4 बीघे में बना ली है।

हालांकि विधायक बेदीराम ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बता रहे हैं। उनका कहना है कि सड़क शुरू से ही 16 फीट की थी। उन्होंने तो अपनी जमीन में से उल्टा 6 फीट हिस्सा रास्ते के लिए छोड़ दिया है ताकि सड़क और चौड़ी हो सके।

‘दलित विधायक हूं, इसलिए किया गया अपमान’

विधायक बेदीराम ने अपनी सफाई में ‘जातिगत कार्ड’ खेलते हुए कहा कि वे एक दलित विधायक हैं, इसी वजह से प्रॉपर्टी डीलर ने उनसे अभद्र तरीके से बात की। उन्होंने दावा किया कि वायरल ऑडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है और उनके अपमान वाले हिस्से को काट दिया गया है। विधायक का कहना है कि वे लखनऊ लौटकर सारे कागजात और नक्शे प्रशासन के सामने पेश करेंगे।

जांच की चौखट पर मामला

प्रॉपर्टी डीलर तारा सिंह बिष्ट ने इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी (DM), एसडीएम और नगर आयुक्त से की है। बिष्ट का कहना है कि यह ऑडियो नवंबर 2025 का है और वे सड़क की पैमाइश की मांग कर रहे हैं।

बता दें कि बेदीराम का यह पहला विवाद नहीं है; इससे पहले भी उन पर सरकारी जमीन से जुड़े आरोपों के वीडियो वायरल हो चुके हैं, जिनकी जांच अभी भी प्रक्रिया में है। अब प्रशासन की पैमाइश ही तय करेगी कि सड़क की जमीन पर कब्जा हुआ है या नहीं।

Also Read: इंदौर के बाद अब पलवल में दूषित पानी का कहर, 15 दिनों में 12 लोगों की मौत, हेपेटाइटिस-बी का खौफ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.