Lucknow News: सफाई में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई, मंत्री-महापौर ने अधिकारियों को लगाई फटकार

Sandesh Wahak Digital Desk: नगर की साफ–सफाई व्यवस्था में खामियों और लापरवाही को लेकर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री एवं लखनऊ प्रभारी मंत्री श्री सुरेश खन्ना ने सोमवार को जोन 8 के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया।

इस दौरे में माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल भी उनके साथ मौजूद रहीं। दोनों ने सफाई व्यवस्था में खराबी पाई और अधिकारियों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण का क्रम और स्थिति

दौरे की शुरुआत खरिका प्रथम वार्ड से हुई, जिसमें तेलीबाग, सुभानी खेड़ा, देवी खेड़ा और मोहारीबाग क्षेत्रों की नालियों में सफाई न होने और सड़कों पर गंदगी मिलने पर मंत्री श्री खन्ना ने अधिकारियों को चेतावनी दी।

महापौर ने सफाई कर्मियों की अनुपस्थिति और ड्रेस कोड का पालन न होने पर असंतोष व्यक्त किया।

Lucknow News

खरिका द्वितीय वार्ड में मंत्री ने काशीराम कॉलोनी में जलनिकासी और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को नालियों की नियमित सफाई और बरसात में जलभराव रोकने के निर्देश दिए।

इब्राहिमपुर द्वितीय वार्ड (ईश्वरी खेड़ा गांव) और राजा बिजली पासी प्रथम वार्ड (चिल्लावाँ बाजार, अमौसी क्षेत्र) में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई।

खराब स्ट्रीट लाइटें और उफनते नाले अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे थे। मंत्री ने मौके पर नालों की सफाई कराने और पंपिंग स्टेशन की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।

राजा बिजली पासी द्वितीय वार्ड (नटकुर) में सफाई व्यवस्था अपेक्षाकृत बेहतर पाई गई, जहां स्थानीय लोग संतुष्ट दिखाई दिए। मंत्री ने कहा कि अन्य वार्डों में भी इसी स्तर की कार्यकुशलता होनी चाहिए।

Lucknow News

अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे, जिनमें अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव, श्रीमती नम्रता सिंह, चीफ इंजीनियर सिविल श्री महेश वर्मा, जोनल अधिकारी श्री विकास सिंह, जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री जितेंद्र गांधी और अधिशासी अभियंता श्री शील श्रीवास्तव शामिल थे।

जोन 8 में पाई गई लापरवाही के चलते मंत्री श्री सुरेश खन्ना ने संबंधित अधिकारियों और टीम के सदस्यों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि साफ–सफाई व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Also Read: काशी–तमिल संगमम् 4.0: केदार घाट पर तमिल मेहमानों ने की गंगा आरती, स्वच्छता अभियान में भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.