कुशीनगर: सुकरौली में दवा दुकानों पर लखनऊ टीम का एक्शन, आमजन को राहत देने की तैयारी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर, औषधि विभाग लखनऊ की टीम ने सोमवार को सुकरौली क्षेत्र में संचालित मेडिकल स्टोर्स की गहनता से जांच की। अधिकारी विमल चंद्र पाण्डेय के नेतृत्व में आई टीम ने दवा दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि वे जीवन रक्षक दवाएं निर्धारित दर पर ही बेचें, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लखनऊ से आई औषधि विभाग की टीम ने सुकरौली कस्बे के ब्लॉक गेट, नहर की पटरी, कस्बा और मुख्य बाजार में स्थित दवा की दुकानों का निरीक्षण किया। टीम ने दुकानदारों के पास उपलब्ध दवाओं पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) की जांच की, यह सुनिश्चित किया गया कि कहीं यह मूल्य सरकार द्वारा तय निर्धारित दर से अधिक तो नहीं है।

डीपीसीओ के तहत आने वाली दवाओं पर विशेष नजर

अधिकारी विमल चंद्र पाण्डेय ने बताया कि यूपी प्राइस मॉनिटरिंग रिसोर्स यूनिट के तहत यह जांच अभियान चलाया जा रहा है। टीम ने विशेष रूप से डीपीसीओ (ड्रग प्राइस कंट्रोल ऑर्डर) के अंतर्गत आने वाली ब्लड प्रेशर, शुगर, हार्ट आदि की दवाओं की एमआरपी की जांच की। इनमें एमपीसिलिन, एमलोडीपीन, मूपीरोसीन, एल्बेन्डाजोल, एटराकोनाजोल, डेक्सामेथासोन जैसी दवाइयां शामिल थीं।

पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि इस जांच का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा निर्धारित दर से अधिक एमआरपी पर बिकने वाली दवाइयों पर नियंत्रण करना है, ताकि आमजन सस्ती दर पर जीवन रक्षक दवाइयां खरीद सकें। टीम ने लगभग आधा दर्जन मेडिकल स्टोर्स की जांच की।

Also Read: टीम लखनऊ ने अमृतसर बाढ़ पीड़ितों को बांटी 25 टन राहत सामग्री, सेना कर रही सहयोग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.