Lucknow: इंदिरा नहर डैम में किशोर की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी के इंदिरा नहर डैम में नहाने गए 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद मंगलवार को गुस्साए परिजनों ने शंकर चौराहे पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। मृतक के परिवार का आरोप है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। मृतक की पहचान जीतू यादव, पुत्र अमरनाथ यादव के रूप में हुई है, जो ग्वारी गांव का रहने वाला था और टीडी गर्ल्स कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र था।
क्या हुआ घटना वाले दिन?
परिवार के मुताबिक, सोमवार सुबह 11 बजे मोहल्ले का ही लड़का आर्यन पाठक, जीतू को घर से बुलाकर ले गया था। इसके बाद जीतू दिनभर घर नहीं लौटा। परिजनों ने जब आर्यन के घर जाकर पूछताछ की, तो उसके परिवार ने अनभिज्ञता जताई।
अगले दिन तड़के चार बजे, पुलिस ने परिवार को सूचना दी कि जीतू का शव इंदिरा डैम के पास मिला है और उसकी डूबने से मौत हो गई है। लेकिन परिजनों के अनुसार, जब वे मौके पर पहुंचे तो शव पानी में नहीं, बल्कि रेत में धंसा हुआ मिला और गले पर चोट के निशान थे। इससे परिजनों को शक हुआ कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि हत्या है जिसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की जा रही है।
परिजनों का आरोप
जीतू की बहन कशिश यादव ने आरोप लगाया कि पुलिस ने शव का बिना परिजनों को दिखाए ही पोस्टमॉर्टम करा अंतिम संस्कार भी करवा दिया। हमें शव तक देखने नहीं दिया गया। पुलिस ने सीधे पिपराघाट ले जाकर उसका अंतिम संस्कार करवा दिया।
गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को गोमतीनगर के शंकर चौराहे पर जीतू का शव रखकर रास्ता जाम कर दिया। उन्होंने आर्यन पाठक और उसके साथी शिवम पर हत्या का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के चलते इलाके में ट्रैफिक जाम लग गया और पुलिस को लोगों को समझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में डूबने से मौत की बात सामने आई है, लेकिन परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है। एसएचओ गोमतीनगर ने बताया कि परिजनों की शिकायत दर्ज की जा रही है और आरोपों के सभी पहलुओं की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: अनंत नगर योजना: LDA ने शुरू की प्लॉट लॉटरी, पहले चरण में 334 प्लॉटों का होगा आवंटन

