लखनऊ: सरोजनीनगर में चोरी की कोशिश नाकाम, तमंचे और बाइक के साथ 3 शातिर चोर गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की सरोजनीनगर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। शनिवार को डायल-112 पर मिली एक सूचना ने पुलिस को अलर्ट कर दिया कि ट्रांसपोर्ट नगर के सेक्टर एफ में कुछ संदिग्ध लोग शिखर मेहरोत्रा के मकान में घुसने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पार्क की ओर भाग रहे तीन बदमाशों को चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया।

पुलिस को छकाने के लिए रची थी झूठी कहानी

पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभिषेक सिंह (ऐशबाग), अमन यादव (राजाजीपुरम) और शिवम यादव (हरदोई) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि जिस अपाचे मोटरसाइकिल से वे आए हैं, उसे उन्होंने हरदोई के बिलग्राम में छिपाया है। पुलिस ने वहां काफी तलाश की लेकिन कुछ नहीं मिला। जब सख्ती से पूछताछ हुई तो सच सामने आया कि बाइक अमौसी के पास कब्रिस्तान के पीछे झाड़ियों में छिपाई गई है, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।

हथियार और औजारों के साथ दबोचे गए बदमाश

पुलिस ने जब इनकी तलाशी ली, तो इनके पास से वारदात को अंजाम देने का पूरा सामान मिला।

अवैध असलहे: 2 तमंचे (.315 बोर) और 3 जिंदा कारतूस।

नकबजनी के औजार: ताला तोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाली 2 भारी लोहे की सरिया।

चोरी की बाइक: विकासनगर से चोरी की गई एक अपाचे मोटरसाइकिल, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर ये घूम रहे थे।

पकड़े गए बदमाशों का काला चिट्ठा

अभिषेक सिंह उर्फ प्रदीप: इसके खिलाफ हत्या (302) और जानलेवा हमले (307) सहित 7 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

अमन यादव उर्फ सत्यम: यह शातिर गैंगस्टर है और इस पर लूट व धोखाधड़ी के 9 मुकदमे दर्ज हैं।

शिवम यादव: यह हरदोई का रहने वाला है और चोरी के मामलों में वांछित रहा है।

सरोजनीनगर पुलिस ने इनके खिलाफ नई धाराओं (बीएनएस और आर्म्स एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर इन्हें जेल भेज दिया है।

Also Read: लखनऊ में ‘हथियारबंद’ चोर गिरोह का भंडाफोड़, पिस्टल, बम और जेवरात के साथ 4 गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.