लखनऊ: बंद घरों में चोरी करने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान और नकदी बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के पुलिस कमिश्नरेट (उत्तरी जोन) के अंतर्गत जानकीपुरम थाना पुलिस ने बंद घरों को निशाना बनाने वाले एक शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की धातु और नकदी बरामद की है।

क्या है पूरा मामला?

घटना की शुरुआत 17 दिसंबर 2025 को हुई, जब मड़ियांव गांव निवासी नाजरीन बानों ने जानकीपुरम थाने में अपने घर का ताला तोड़कर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्काल BNS की धारा 305(A) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से गिरफ्तारी

डीसीपी (उत्तर) के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मैनुअल इनपुट जुटाए। 18 दिसंबर 2025 को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने आकांक्षा तिराहा के पास से घेराबंदी कर तीन अभियुक्तों को दबोच लिया।

पकड़े गए अभियुक्तों का विवरण

समर्थ शर्मा उर्फ वरुण: उम्र 23 वर्ष, निवासी देवरिया (वर्तमान पता: मड़ियांव, लखनऊ)।

शुभम उर्फ अमन सोनी: उम्र 23 वर्ष, निवासी रायबरेली (वर्तमान पता: मड़ियांव, लखनऊ)।

मो. साजिद मिर्जा: उम्र 55 वर्ष, निवासी चौपटिया, लखनऊ (आर्टिफिशियल ज्वेलरी दुकानदार)।

बरामदगी और आपराधिक इतिहास

पुलिस ने अभियुक्तों के पास से पीली धातु (टंच) और 3,970 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि शुभम उर्फ अमन सोनी एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ पारा और चिनहट थानों में गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, समर्थ शर्मा पर भी पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

Also Read: UP के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, नए साल पर योगी सरकार देगी 1.5 लाख सरकारी नौकरियों की सौगात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.