लखनऊ को मिलेगी नई पहचान, सीजी सिटी में बनेगा 20 एकड़ का भव्य ‘अर्बन पार्क’

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के सीजी सिटी क्षेत्र में कैंसर अस्पताल के पास अब प्रकृति और आधुनिकता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गुरुवार को प्रस्तावित ‘अर्बन पार्क’ का निरीक्षण किया और इसे 2028 तक जनता के लिए तैयार करने के निर्देश दिए। लगभग 20 एकड़ में फैले इस पार्क को ’05 सेंस थीम’ (Sight, Touch, Sound, Smell, Taste) पर विकसित किया जाएगा, जो बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास में मददगार साबित होगा।

लखनऊ को मिलेगी नई पहचान, सीजी सिटी में बनेगा 20 एकड़ का भव्य 'अर्बन पार्क'

शहर की पहली ‘ग्रीन रूफ लाइब्रेरी’ और स्पोर्ट्स एरीना

इस पार्क की सबसे बड़ी विशेषता यहां बनने वाली ग्रीन रूफ लाइब्रेरी होगी। यह लखनऊ की पहली ऐसी लाइब्रेरी होगी जिसकी छत पर हरियाली होगी, जो पढ़ाई के लिए एक शांत और प्राकृतिक वातावरण प्रदान करेगी। इसके अलावा, खेल प्रेमियों के लिए एक अत्याधुनिक स्पोर्ट्स एरीना तैयार किया जाएगा, जहां बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेनिस और बॉक्स क्रिकेट की सुविधा होगी।

लखनऊ को मिलेगी नई पहचान, सीजी सिटी में बनेगा 20 एकड़ का भव्य 'अर्बन पार्क'

वॉटर बॉडी और एम्फी थियेटर

पार्क के सौंदर्य को बढ़ाने के लिए एक एकड़ क्षेत्र में एक विशाल वॉटर बॉडी विकसित की जाएगी, जिसके किनारे खुशबूदार फूलों का ‘फ्रैगरेंस गार्डेन’ होगा। साथ ही, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 300 लोगों की क्षमता वाला ओपन एम्फी थियेटर और लजीज व्यंजनों के लिए एक शानदार फूड कोर्ट भी बनाया जाएगा। फिटनेस के शौकीनों के लिए यहां 600 मीटर लंबा जॉगिंग ट्रैक और ओपन जिम की सुविधा भी मिलेगी।

इकाना स्टेडियम के पास मल्टीलेवल पार्किंग और जल निकासी

पार्क के साथ-साथ एलडीए उपाध्यक्ष ने इकाना स्टेडियम के पास बन रही मल्टीलेवल पार्किंग का भी जायजा लिया। इस डबल बेसमेंट पार्किंग में एक साथ 500 से अधिक वाहन खड़े हो सकेंगे और इसकी छत पर भी ग्रीनरी विकसित की जाएगी। क्षेत्र में जल भराव की समस्या को दूर करने के लिए 38 करोड़ रुपये की लागत से डेढ़ किलोमीटर लंबा कवर्ड नाला भी बनाया जा रहा है।

लखनऊ विकास प्राधिकरण की यह पहल सीजी सिटी को एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के ‘स्मार्ट हब’ के रूप में स्थापित करेगी, जहां शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य का संतुलन देखने को मिलेगा।

Also Read: UP News: ANTF की बड़ी कार्रवाई, 3 करोड़ के मादक पदार्थों के साथ 7 तस्कर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.