लखनऊ ट्रैफिक अलर्ट: नए साल के जश्न से पहले हजरतगंज ‘नो-व्हीकल जोन’, घर से निकलने से पहले देख लें रूट
Sandesh Wahak Digital Desk: नए साल (2026) की पूर्व संध्या पर जश्न के मद्देनजर राजधानी के सबसे व्यस्त केंद्र हजरतगंज के ट्रैफिक रूट में बड़ा बदलाव किया गया है। बुधवार शाम से हजरतगंज की ओर जाने वाले सामान्य वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। वाहन केवल मल्टीलेवल पार्किंग तक ही जा सकेंगे।
प्रमुख मार्ग और डायवर्जन प्लान
ट्रैफिक पुलिस ने चौदह प्रमुख मार्गों पर फेरबदल किया है। मुख्य बदलाव नीचे दिए गए हैं।
हजरतगंज की ओर प्रवेश: महानगर, गोमतीनगर और यूपीटेक की ओर से आने वाले वाहन सिकंदरबाग चौराहा से सप्रू मार्ग और डनलप तिराहा होकर सहारागंज मॉल पार्किंग जा सकेंगे। अल्का या मेफेयर तिराहे की ओर जाना प्रतिबंधित रहेगा।
चारबाग से आवागमन: चारबाग से हजरतगंज चौराहा होकर परिवर्तन चौक जाने वाले वाहन अब हुसैनगंज, ओडियन सिनेमा और कैसरबाग होकर गुजरेंगे।
लालबाग क्षेत्र: लालबाग चौराहे से वाहन मेफेयर या अल्का तिराहे की ओर नहीं जा पाएंगे। उन्हें कैंपर रोड और कैपिटल तिराहे की ओर मोड़ दिया गया है।
परिवर्तन चौक मार्ग: अलीगंज और कैसरबाग से आने वाले वाहन हजरतगंज चौराहे के बजाय स्टेडियम तिराहा, चिरैयाझील या सफेद बारादरी होकर कैसरबाग जाएंगे।
बस रूट (रोडवेज और सिटी बसें)
बसों के लिए विशेष डायवर्जन लागू किया गया है ताकि शहर के भीतर जाम न लगे।
महानगर की बसें: सिकंदरबाग और हजरतगंज के बजाय संकल्प वाटिका, बैकुंठधाम, 1090 चौराहा और गोल्फ क्लब होकर चलेंगी।
अयोध्या रोड की बसें: कैसरबाग जाने वाली बसें पीएनटी (बालू अड्डा), लक्ष्मण मेला बंधा और केडी सिंह बाबू स्टेडियम होकर गुजरेंगी।
चारबाग की बसें: केकेसी तिराहा, कुंवर जगदीश चौराहा और हुसैनगंज होकर कैसरबाग या रॉयल होटल की ओर जाएंगी।
पार्किंग व्यवस्था
हजरतगंज क्षेत्र में जाने वाले लोगों के लिए केवल मल्टीलेवल पार्किंग का विकल्प खुला रहेगा। पार्किंग फुल होने की स्थिति में वाहनों को अन्य निर्धारित स्थलों पर पार्क करना होगा। ट्रैफिक पुलिस ने “भीड़भाड़ से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और पार्किंग के लिए आवंटित स्थानों का ही उपयोग करने सलाह दी है।”
Also Read: कुलदीप सेंगर मामला: पीड़िता बोली- जब तक फांसी नहीं, तब तक लड़ूंगी

