Lucknow News: हत्या की कोशिश के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पुरानी रंजिश बनी वजह
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई चिनहट पुलिस और पूर्वी जोन की सर्विलांस टीम ने मिलकर की है। पकड़े गए आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई एक अवैध पिस्टल, मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला 13 सितंबर, 2025 का है, जब यादवेंद्र सिंह यादव नाम के एक व्यक्ति को प्रणामी मंदिर के पास गोली मारी गई थी। इस हमले में विनय यादव और उसके साथी शामिल थे, जिन्होंने सुनियोजित तरीके से इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, इस वारदात की वजह पुरानी रंजिश थी। पुलिस ने बताया कि इससे पहले 31 दिसंबर, 2024 को भी विनय यादव और उसके भाई संदीप यादव के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया था।
आरोपियों की हुई पहचान
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान विनय यादव (उम्र 28) निवासी कंचनपुर मटियारी, लखनऊ, और जुल्फी उर्फ सैफ (उम्र 22) निवासी इब्राहिमाबाद, बाराबंकी के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि इन दोनों को राष्ट्रीय उद्योग आश्रम इंटर कॉलेज के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास की भी जाँच कर रही है।
Also Read: Lucknow News: शादी का झांसा देकर फर्जी जज ने की लाखों की ठगी, पुलिस ने किया गिरफ्तार


