Lucknow News: इंदिरा नगर में दो शातिर चेन स्नैचर गिरफ्तार, लूटी हुई चेन और बाइक बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के पूर्वी ज़ोन की क्राइम और सर्विलांस टीम ने इंदिरा नगर पुलिस के साथ मिलकर दो शातिर चेन स्नैचरों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल हुई अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
यह गिरफ्तारी 22 अगस्त 2025 को हुई एक चेन स्नैचिंग की घटना के सिलसिले में की गई है। उस दिन योगेंद्र पाल नाम के शख्स ने इंदिरा नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात लोगों ने उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन छीन ली। इस मामले में धारा 304(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान
पुलिस उपायुक्त के निर्देश पर मामले की जांच के लिए तुरंत एक टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की मदद से आरोपियों की पहचान की।
29 अगस्त 2025 को, सर्विलांस टीम से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों- अहान अली (25) और शाहिद अली (23) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी हसनगंज, आजाद नगर के रहने वाले हैं और अगरबत्ती बेचने का काम करते हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई सोने की चेन और घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल (UP32FR9796) भी बरामद की है। बाइक को मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर लिया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बरामदगी:
एक सोने की चेन
एक अपाचे मोटरसाइकिल (UP32FR9796)
Also Read: Sultanpur News: संभल विवाद पर बोले प्रभारी मंत्री: सपा-बसपा-कांग्रेस की देन है ये विवाद

