Lucknow News: आशियाना इलाके से दो शातिर चोर गिरफ्तार, 4 लाख के जेवरात और नकदी बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की थाना आशियाना पुलिस ने घरों में घुसकर चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
गिरफ्तारी और बरामदगी का विवरण
थाना आशियाना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर देवीखेड़ा से इको गार्डन जाने वाली रोड पर घेराबंदी कर दो अभियुक्तों को दबोचा। अभियुक्तों के पास से ₹4,00,000 (चार लाख रुपये) के जेवरात, ₹5,000 नकदी और एक चोरी की मोटरसाइकिल (पैशन प्रो, संख्या- UP32KQ6171) बरामद की गई।
बरामद सामान में सोने का हार, अंगूठियां, झुमकी, मंगलसूत्र के लॉकेट और चांदी की पायजेब, बिछिया व बच्चों के कंगन शामिल हैं। यह बरामदगी थाना आशियाना और थाना कृष्णानगर में दर्ज चोरी के दो अलग-अलग मुकदमों (मु.अ.सं. 458/2025 और 602/2025) से संबंधित है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
शनि कुमार उर्फ शनि बंजारा (26) निवासी बिजनौर, लखनऊ (स्थायी पता: प्रयागराज) का रहने वाला है। शनि का पुराना आपराधिक इतिहास है, जिसमें प्रयागराज में हत्या के प्रयास (धारा 307) और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। जबकि लकी रैदास (19) बिजनौर बाजार, लखनऊ का रहने वाला है। ये शातिर चोर सूने घरों को निशाना बनाते थे और ताला तोड़कर कीमती जेवरात व नकदी पार कर देते थे।
पुलिस की कार्रवाई
आशियाना पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और आपराधिक इतिहास के बारे में अन्य जनपदों से जानकारी जुटा रही है।

