Lucknow News: लाल बारादरी में छात्रों ने जबरन घुसकर किया हनुमान चालीसा का पाठ, कई हिरासत में
Lucknow News: लखनऊ विश्वविद्यालय का परिसर मंगलवार को एक बार फिर रणक्षेत्र बन गया। लाल बारादरी में नमाज पढ़े जाने के विरोध में सोमवार को हुए प्रदर्शन के बाद, आज बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ताओं ने वहां हनुमान चालीसा पढ़ने का ऐलान किया था। इसके बाद भारी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता वहां जुट गए, जिससे विवाद और बढ़ गया।
बजरंग दल और वीएचपी के ऐलान को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहले ही भारी पुलिस बल तैनात कर दिया था। सुरक्षाकर्मियों ने छात्रों को रोकने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन आक्रोशित छात्र नहीं माने। वे सुरक्षा घेरा तोड़कर जबरन लाल बारादरी में घुस गए और जमीन पर बैठकर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया।
शिक्षा का मंदिर है, इबादतगाह नहीं
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का सीधा आरोप है कि विश्वविद्यालय शिक्षा का मंदिर है और यहां नमाज पढ़ना या इफ्तार पार्टी करना पूरी तरह गलत है। छात्रों ने दावा किया कि कैंपस में बाहरी लोग घुसकर माहौल खराब कर रहे हैं, जिसका विरोध जरूरी है। छात्रों ने सवाल उठाया कि जब यहां नमाज पढ़ी गई थी, तब पुलिस प्रशासन कहां था? उन्होंने आरोप लगाया कि नमाज पढ़ने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं होती, लेकिन हनुमान चालीसा पढ़ने वालों को रोका और गिरफ्तार किया जा रहा है।
पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग
हालात बेकाबू होते देख पुलिस को प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए हल्के बल का प्रयोग करना पड़ा। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने छात्रों को वहां से हटाया। इस दौरान कई छात्रों को हिरासत में भी लिया गया है। पुलिस का कहना है कि वे किसी भी कीमत पर यूनिवर्सिटी का माहौल बिगड़ने नहीं देंगे। फिलहाल पूरे विश्वविद्यालय परिसर में तनाव की स्थिति बनी हुई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीएसी (PAC) और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पैनी नजर रख रहा है ताकि स्थिति और न बिगड़े।
Also Read: ट्रंप की सख्त चेतावनी, अमेरिका को लूटने वाले देश भारी टैक्स के लिए रहें तैयार

