Lucknow: बाल्दा कॉलोनी के मकान नंबर A-1/3 में उपराष्ट्रपति की दस्तक, मेजबानी को तैयार पूरा परिवार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निशातगंज क्षेत्र स्थित बाल्दा कॉलोनी का एक पुराना मकान अचानक सुर्खियों में आ गया है। मकान नंबर A-1/3, जहां 84 वर्षीय प्रोफेसर सुरेश चंद्र गुप्ता अपने परिवार के साथ रहते हैं, गुरुवार को देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मेज़बानी करने जा रहे है। खास बात यह है कि उपराष्ट्रपति खुद 24 संकरी सीढ़ियां चढ़कर सीधे पहली मंजिल पर पहुंचेंगे, जहां प्रो. गुप्ता रहते हैं।
पुराना रिश्ता बना मुलाकात की वजह
प्रो. सुरेश गुप्ता, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के मानसिक चिकित्सा विभाग से रिटायर्ड हैं। वे उपराष्ट्रपति से पहले भी मिल चुके हैं, लेकिन इस बार यह मुलाकात विशेष महत्व रखती है। उनके बड़े बेटे सुनील कुमार गुप्ता 1985 बैच के आईएएस अधिकारी हैं, जो पश्चिम बंगाल में तैनाती के दौरान तत्कालीन राज्यपाल जगदीप धनखड़ के संपर्क में आए थे। बाद में, जब धनखड़ उपराष्ट्रपति बने, तो सुनील गुप्ता को अपना सचिव बनाकर दिल्ली ले गए।
प्रो. गुप्ता पिछले कुछ समय से अस्वस्थ हैं और दिल्ली में उनका इलाज भी हुआ था। उपराष्ट्रपति ने कई बार अस्पताल में जाकर हालचाल लिया, लेकिन तब बातचीत सीमित रही। उसी दौरान उन्होंने वादा किया था कि यदि कभी लखनऊ आए तो घर पर आकर जरूर मिलेंगे। अब यह वादा गुरुवार शाम 4:30 बजे पूरा होने जा रहा है, जब सुरक्षा इंतजामों के बीच उपराष्ट्रपति A-1/3 पर दस्तक देंगे।
संकरी सीढ़ियां नहीं बनीं बाधा
जब सुरक्षाकर्मियों ने संकरी सीढ़ियों और छोटे कमरे की जानकारी दी, तो सुझाव आया कि मुलाकात नीचे ग्राउंड फ्लोर पर कराई जाए। लेकिन उपराष्ट्रपति ने स्पष्ट कहा कि वह बेटी से नहीं, पिता से मिलने आ रहे हैं – और वह खुद सीढ़ियां चढ़कर ऊपर जाएंगे। यह सुनकर प्रो. गुप्ता और उनकी पत्नी श्याम जानकी भावुक हो उठे।
A-1/3 और आस-पास के क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस का दिनभर आना-जाना रहा। सायरन बजाते काफिले के ट्रायल से स्थानीय लोग चौंक गए। नगर निगम की टीम ने साफ-सफाई और रास्तों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया। इस मकान की पहचान नीचे स्थित डॉ. कंचन पोरवाल और उनके पति डॉ. आर.के. पोरवाल के क्लीनिक से भी है, जो प्रो. गुप्ता की बेटी और दामाद हैं।
उपराष्ट्रपति के आगमन पर घरवालों ने पारंपरिक नाश्ते की योजना बनाई थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से सिर्फ पैक्ड फूड की अनुमति दी गई है। फिर भी बेटी डॉ. कंचन पोरवाल ने बताया कि खासतौर पर बूंदी के लड्डू बनवाए गए हैं, जिनकी जांच सुबह ही सुरक्षा टीम करेगी।
Also Read: सपा कार्यकर्ताओं पर होगी FIR, SC/ST आयोग ने दिए निर्देश, बाबा साहेब संग अखिलेश की तस्वीर का मामला

