Lucknow: ममता के ‘मृत्युकुंभ’ बयान पर विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने फूंका पुतला, इस्तीफे की मांग
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के ‘मृत्युकुंभ’ बयान को लेकर राजधानी लखनऊ में मंगलवार को विश्व हिंदू रक्षा परिषद के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विशाल खंड 2 कार्यालय से लेकर विपुल खंड चौराहे, अंबेडकर चौराहे होते हुए 1090 चौराहे तक मार्च किया और ममता बनर्जी का पुतला दहन किया।

इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने किया। उन्होंने ममता बनर्जी पर सनातन धर्म के अपमान का आरोप लगाते हुए उनकी गिरफ्तारी और पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की। गोपाल राय ने कहा कि ममता बनर्जी की सरकार पूरी तरह से सनातन विरोधी हो चुकी है और पश्चिम बंगाल में हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में तुष्टिकरण की राजनीति हो रही है और सनातन धर्म को अपमानित किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने ममता बनर्जी के बयान का कड़ा विरोध जताते हुए पुतला दहन किया और यह संदेश दिया कि उनके बयान से हिंदू समाज गहरी पीड़ा महसूस कर रहा है। गोपाल राय ने केंद्र सरकार से पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की, ताकि वहां सनातन धर्म और हिंदू समाज की रक्षा की जा सके। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ममता बनर्जी के खिलाफ नारेबाजी की और उन्हें हिंदू विरोधी बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ममता बनर्जी ने अपने बयान को वापस नहीं लिया और हिंदू समाज से माफी नहीं मांगी, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन में शामिल प्रमुख लोग
इस विरोध प्रदर्शन में विश्व हिंदू रक्षा परिषद के प्रदेश अध्यक्ष शिखर गुप्ता, कुलदीप मिश्रा, सुरेश चंद्र दुबे, हिमांशु धवल, सुमित सिंह, कुशाग्र अग्रवाल, सिद्धांत सिंह, सय्यद हुसैन रिजवी, योगी सेवक संजय सिंह, ओमकार राजपूत, बिट्टू त्यागी, देवेंद्र सिंह चौहान, आशीष कुमार राय, शिवम सिंह राणा, तपस्वी तिवारी, रमेश प्रधान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे। यह प्रदर्शन ममता बनर्जी के बयान के खिलाफ हिंदू समाज की नाराजगी को व्यक्त करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग के उद्देश्य से किया गया।
Also Read: 1984 सिख विरोधी दंगा मामला: पूर्व कांग्रेस नेता सज्जन कुमार को उम्रकैद की सजा

