लखनऊ में व्यापारियों का चुनावी शंखनाद, 3 करोड़ वोटों का दावा, टिकट में मांगी हिस्सेदारी

Lucknow News: लखनऊ के हजरतगंज स्थित सिल्वेट होटल में सोमवार, 24 अगस्त को उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल का 22वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर “व्यापारी शंखनाद सम्मेलन” आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत शंख ध्वनि और दीप प्रज्वलन से हुई। प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता मुख्य अतिथि और वक्ता के रूप में शामिल हुए।

संजय गुप्ता ने व्यापारियों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि अपने हितों की रक्षा के लिए व्यापारियों को आर्थिक ही नहीं, बल्कि राजनीतिक रूप से भी मजबूत होना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दल चुनाव के समय व्यापारियों का समर्थन लेते हैं, लेकिन सरकार बनने के बाद उनकी समस्याओं को प्राथमिकता नहीं देते।

बोले- हर चौथा वोट व्यापारी समाज का

संजय गुप्ता ने विधानसभा, नगर निकाय और लोकसभा समेत सभी चुनावों में व्यापारियों से सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन के अनुसार प्रदेश में करीब 13.39 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें लगभग 90 लाख व्यापारी हैं। परिवार और कर्मचारियों को जोड़ने पर व्यापारी समाज का प्रभाव करीब 3 करोड़ वोट तक पहुंचता है।

उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज जाति और धर्म से ऊपर उठकर केवल व्यापार और विकास के मुद्दे पर वोट करेगा। साथ ही राजनीतिक दलों से चुनाव में व्यापारियों को पर्याप्त टिकट देने की मांग की।

ई-कॉमर्स नीति के लिए आंदोलन का ऐलान

सम्मेलन में ई-कॉमर्स कंपनियों से बढ़ती प्रतिस्पर्धा, जल कर और नगर निगम के लाइसेंस शुल्क का मुद्दा भी उठा। गुप्ता ने कहा कि ई-कॉमर्स पॉलिसी नहीं बनने से रिटेल कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने नीति बनवाने के लिए आंदोलन की घोषणा की।

व्यापारियों ने सभी के लिए मुफ्त चिकित्सा और शिक्षा की मांग भी उठाई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले 25 व्यापारियों को सम्मानित किया गया। संजय गुप्ता ने सितंबर में 5 हजार से अधिक व्यापारियों की रैली आयोजित करने का ऐलान किया। सम्मेलन में संगठन के पदाधिकारी और राजधानी के विभिन्न बाजारों के व्यापारी नेता मौजूद रहे।

Also Read: लखनऊ में छात्रों ने देखा विधानसभा का कामकाज, सतीश महाना ने समझाई संसदीय प्रक्रिया 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.