Lucknow News: आचार्य नरेंद्र देव वार्ड में नलों से टपक रहा दूषित जल, शिवपुरी में लीकेज से तालाब बनी सड़कें
Lucknow News: नवाबों के शहर लखनऊ के दो प्रमुख वार्डों में इन दिनों पानी को लेकर जबरदस्त गुस्सा है। आचार्य नरेंद्र देव वार्ड और इस्माइलगंज-II वार्ड के निवासी जलकल विभाग की कार्यप्रणाली से इस कदर परेशान हैं कि अब उन्होंने मेयर सुषमा खर्कवाल और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है।
आचार्य नरेंद्र देव वार्ड के कंघी टोला इलाके में स्थिति बेहद खराब है। यहां पिछले दो साल से घरों में गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। स्थानीय निवासी अंकुर बाथम ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। लोगों का सबसे बड़ा दर्द यह है कि जलकल विभाग घर-घर जाकर पानी के बिल की वसूली तो मुस्तैदी से कर रहा है, लेकिन साफ़ पानी देने के नाम पर पल्ला झाड़ लेता है।
उधर, इस्माइलगंज-II वार्ड की शिवपुरी कॉलोनी में पेयजल पाइपलाइन फटने से करीब 200 मीटर तक की सड़क तालाब बन गई है। लोगों का कहना है कि जलकल विभाग के कर्मचारी आते हैं और जुगाड़ वाली रिपेयरिंग करके चले जाते हैं, जो दो दिन भी नहीं टिकती। सड़क पर भरे पानी के कारण पैदल चलना तो दूर, दोपहिया वाहनों का निकलना भी खतरनाक हो गया है।
पूर्व पार्षद ने बोला हमला
पूर्व पार्षद रुद्र प्रताप सिंह ने जलकल विभाग पर सीधे लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि खराब गुणवत्ता वाली मरम्मत के कारण ही यह समस्या बार-बार पैदा हो रही है। उन्होंने मांग की है कि अब ऊपरी मरम्मत बंद की जाए और पूरी पाइपलाइन को बदलकर लोगों को इस समस्या से स्थायी निजात दिलाई जाए। इलाके के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गंदे पानी की सप्लाई बंद नहीं हुई और लीकेज ठीक नहीं किया गया, तो वे सामूहिक रूप से नगर निगम कार्यालय का घेराव करेंगे और विरोध प्रदर्शन करेंगे।
Also Read: Siddharthnagar News: कैंप लगाकर बनेंगे 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों का आयुष्मान कार्ड

