Lucknow: ‘मैंगो मेनिया’ कुकिंग कॉन्टेस्ट में महिलाओं ने दिखाया हुनर, तनुजा बनीं विजेता

Sandesh Wahak Digital Desk: आज की महिलाएं हर क्षेत्र में अपने हुनर का परचम लहरा रही हैं फिर चाहे वो शिक्षा हो, विज्ञान हो या रसोई। राजधानी लखनऊ के प्रभात वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित ‘मैंगो मेनिया कुकिंग कॉन्टेस्ट’ इसका बेहतरीन उदाहरण बना, जहां महिलाओं ने आम के स्वाद को नए-नए अंदाज़ में पेश कर अपनी प्रतिभा से सबको चौंका दिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य था महिलाओं को एक ऐसा मंच देना, जहां वे अपनी रसोई कला, रचनात्मकता और स्वावलंबन का परिचय दे सकें। इस आयोजन की संयोजिका और पूर्व शेफ मंजुला अस्थाना ने कहा, “आज की महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। बस उन्हें सही मंच मिलने की जरूरत है, जहां वे अपने अंदर छिपे हुनर को बाहर ला सकें।”

स्वाद की इस प्रतियोगिता में महिलाओं का जलवा

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक की धर्मपत्नी श्रीमती नम्रता पाठक रहीं। उन्होंने कहा महिलाओं में बौद्धिक और रचनात्मक क्षमता की कोई कमी नहीं है। मुझे आज भी अपनी दादी-नानी के हाथों के बने स्वादिष्ट पकवान याद हैं, और मैं खुद उन्हें दोहराने की कोशिश करती हूं।

इस अवसर पर रॉयल कैफे के मालिक संदीप अग्रवाल ने भी महिला रसोइयों की तारीफ करते हुए कहा, घर में बनी एक बेहतरीन डिश पूरे परिवार को खुशी दे देती है। स्वाद का संबंध सिर्फ पेट नहीं, दिल से भी है।

प्रतियोगिता में पूनम सिंह को मिला दूसरा स्थान

कुकिंग कॉन्टेस्ट में तनुजा गुप्ता ने पहला स्थान हासिल किया, वहीं पूनम सिंह को दूसरा स्थान मिला। पूनम सिंह, जो कि समाजसेविका और संस्कार संस्था की निदेशक भी हैं, ने कहा हम महिलाओं को जब ऐसा मंच मिलता है तो हमारी बौद्धिक प्रतिभा निखर कर सामने आती है। कई महिलाएं पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते अपने शौक को दबा देती हैं, लेकिन ऐसे आयोजनों से वे फिर से अपने सपनों को जी सकती हैं।

घर की रसोई से क्राउड किचन तक महिलाएं

कार्यक्रम में शामिल शेफ रोहित कुमार ने बताया कि आज कई महिलाएं न सिर्फ घर पर बेहतरीन खाना बना रही हैं बल्कि बड़े रेस्टोरेंट्स और क्राउड किचन चला रही हैं। वे स्वाद और सेवा के ज़रिए समाज में अपनी खास पहचान बना रही हैं। इंजीनियर पंकज अस्थाना ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को खानपान के क्षेत्र में आगे बढ़ाना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

मंच पर दिखा उत्साह, भविष्य में और आयोजनों की मांग

विजेता तनुजा गुप्ता ने कहा इस मंच ने हमें अपने हुनर को दुनिया के सामने लाने का मौका दिया। भविष्य में ऐसे आयोजनों की और ज़रूरत है। इस अवसर पर प्रमुख रूप से रूपाली श्रीवास्तव, रिचा कुमार, रेखा, ममता कोहली, ओम खुशबू कक्कड़, गुंजन वर्मा, डॉ. अनीता अग्रवाल, कुसुम वर्मा, निधि, अनीता जायसवाल, अरुण प्रताप सिंह, रितु गुप्ता, नसरीन खान, भावना, दिव्या, और नेहा वर्मा समेत कई महिलाएं मौजूद रहीं।

Also Read: Shahjahanpur: डीएम ने तहसीलदार के खिलाफ FIR दर्ज करने के दिए निर्देश, जानिए पूरा मामला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.