Lucknow News: मामूली पैसों के विवाद में युवक की हत्या, गाजीपुर पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के गाजीपुर थाना क्षेत्र में 101 रुपये के मामूली लेनदेन विवाद में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।

क्राइम/सर्विलांस टीम पूर्वी जोन और थाना गाजीपुर की संयुक्त टीम ने घटना में शामिल दो हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी घटना के बाद फरार होने की फिराक में थे।

20 नवंबर को चन्द्रभूषण उपाध्याय ने थाना गाजीपुर में सूचना देकर बताया था कि उनके पुत्र शशि प्रकाश उपाध्याय को अज्ञात लोगों ने बुरी तरह पीटा, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।

उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीमों को तत्काल सुरागरसी, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में लगाया गया।

कमता बस अड्डे के पास से दोनों आरोपी दबोचे गए

रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि हत्या में शामिल दो युवक कमता बस अड्डे के पास मौजूद हैं। घेराबंदी कर पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:

  • अखिलेश कुमार, निवासी– गोण्डा

  • प्रिंस उर्फ अरुण यादव, निवासी– आज़मगढ़

दोनों की जामा तलाशी में कुल 750 रुपये और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाइक UP43AY632 (स्प्लेंडर प्लस) भी बरामद की गई।

सैलरी को लेकर हुआ था विवाद

पूछताछ में दोनों ने बताया कि मृतक शशि उनका परिचित था और सभी लखनऊ में पार्ट टाइम काम करते थे।

सैलरी और पैसों के लेनदेन को लेकर रात में विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया। दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि मारपीट के दौरान शशि गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार घटना में तीसरा व्यक्ति भी शामिल था, जिसकी तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दोनों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।

बरामदगी

  • स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP43AY632)

  • 750 रुपये

  • दो मोबाइल फोन (Realme और Samsung)

Also Read: दुमका में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध मौत, सामूहिक हत्या या आत्महत्या की आशंका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.