लखनऊ: युवक की चाकू मारकर हत्या, मां और दो बच्चों ने मिलकर वारदात को दिया अंजाम, गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र के ग्राम बेगरिया में बुधवार को हुई एक हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 22 वर्षीय युवक सूरज गौतम की हत्या के आरोप में पुलिस ने एक ही परिवार के तीन लोगों मां, बेटे और बेटी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से कत्ल में इस्तेमाल किया गया खून से सना चाकू (आलाकत्ल) भी बरामद कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

घटना 4 मार्च की है, जब बेगरिया निवासी सूरज गौतम पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया था। हमले में सूरज की मौत हो गई, जिसके बाद उनके पिता ने स्थानीय थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या की धारा और एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।

बाजनगर अंडरपास के पास से हुई गिरफ्तारी

एसीपी काकोरी के नेतृत्व में गठित टीम ने आज (5 मार्च) मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की। हरदोई रोड स्थित बाजनगर अंडरपास के पास से तीनों आरोपियों को उस समय दबोच लिया गया, जब वे भागने की फिराक में थे।

पकड़े गए आरोपियों का विवरण

सिद्धांत कुमार तिवारी उर्फ मोहित (28 वर्ष): मुख्य आरोपी।

रंजना (55 वर्ष): मोहित की मां।

शिप्रा तिवारी उर्फ शिवानी (24 वर्ष): मोहित की बहन।

खून से सना चाकू बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वह चाकू बरामद कर लिया है जिससे सूरज पर वार किया गया था। चाकू पर खून के निशान मौजूद हैं, जो फॉरेंसिक जांच के लिए अहम सबूत साबित होंगे। फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि आखिर ऐसी क्या वजह थी कि पूरे परिवार ने मिलकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। पकड़े गए तीनों आरोपियों को विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया गया है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद है।

Also Read: लखनऊ: इटौंजा पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर वाहन चोर, चोरी की बाइक बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.