लखनऊ में बोरे में मिला युवक का शव, बुरी तरह कुचला मिला सिर, पहचान में जुटी पुलिस
Lucknow News: लखनऊ के बख्शी का तालाब (बीकेटी) इलाके में सोमवार देर रात एक युवक का शव बोरे में मिला। युवक का सिर बुरी तरह कुचला हुआ था। सिर, गर्दन, पेट और हथेली पर चोट के निशान मिले हैं। शव खून से लथपथ था। पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच शुरू कर दी है।
युवक के शरीर पर मैरून रंग की शर्ट और जींस की पैंट थी। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
कच्चे रास्ते पर मिला शव, दो बोरों में ढका था शरीर
पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात करीब 11:30 बजे अचरामऊ से मलाक जाने वाले कच्चे रास्ते पर शव पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके बाद बीकेटी पुलिस की टीम, फील्ड यूनिट और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
जांच के दौरान युवक के शरीर का हिस्सा जूट के बोरे में मिला। उसके पैर का हिस्सा एक बोरे में था, जबकि सिर दूसरे बोरे से ढका हुआ था। सिर पर गंभीर चोट और शरीर पर कई जगह जख्म मिलने के बाद पुलिस हत्या की आशंका के आधार पर जांच कर रही है।
पहचान कराने में जुटी पुलिस, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस मृतक की पहचान कराने की कोशिश कर रही है। इसके लिए शव की तस्वीर आसपास के थानों और दूसरे जिलों में भेजी गई है, ताकि युवक के बारे में जानकारी मिल सके।
पुलिस घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत कैसे हुई और इसके पीछे क्या वजह थी, यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: कानपुर में BJP प्रदेश मंत्री को बंधक बनाकर 12 लाख की लूट, मुंह पर टेप चिपकाकर बाथरूम में किया बंद

