लखनऊ के छोटा इमामबाड़ा और रिफा-ए-आम क्लब का होगा कायाकल्प, LDA की पहल

लखनऊ विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष/मण्डलायुक्त डॉ0 रोशन जैकब के समक्ष किया गया कार्ययोजना का प्रेजेन्टेशन

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ विकास प्राधिकरण लगभग 06 करोड़ रूपये की लागत से छोटा इमामबाड़ा के गेटों का संरक्षण कराएगा। इसके अलावा रिफा-ए-आम क्लब में विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य कराये जाएंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष/मण्डलायुक्त डॉ0 रोशन जैकब के समक्ष बुधवार को विभिन्न कार्ययोजनाओं का प्रेजेन्टेशन किया गया।

रिफा-ए-आम क्लब में कराये जाएंगे विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि छोटा इमामबाड़ा शहर के प्रमुख पर्यटक स्थलों में शामिल है। वर्तमान में इसके तीनों गेट काफी जर्जर स्थिति में हैं। इसके दृष्टिगत तीनों गेटों के पुनरोद्धार का कार्य स्मार्ट सिटी के बजट से कराया जाएगा, जिसमें लगभग 06 करोड़ रूपये का खर्च आएगा। इसके अलावा लगभग 05 करोड़ रूपये से रिफा-ए-आम क्लब के चारों ओर बाउन्ड्रीवॉल बनवाकर परिसर को सुरक्षित किया जाएगा। क्लब में सिविल, हॉर्टीकल्चर व लाइटिंग आदि के कार्य भी कराये जाएंगे। जिससे शहर वासी यहां मैरिज हॉल, कैफेटेरिया आदि की सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।

म्युजियम को अपग्रेड करने के प्रस्ताव को तैयार करने के दिए गए निर्देश

बैठक में मण्डलायुक्त ने गांधी भवन स्थित म्यूजियम को अपग्रेड करने के सम्बंध में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये। इसके अलावा प्राधिकरण की नैमिष नगर एवं वरूण विहार योजना के लिए भूमि जुटाने के लिए स्थल पर ही कैम्प लगाकर किसानों से जमीनों की रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिये। इस मौके पर एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार, सचिव विवेक श्रीवास्तव व मुख्य अभियंता नवनीत शर्मा समेत अन्य अधिकारी, अभियंता व आर्किटेक्ट्स उपस्थित रहे।

Also Read: जम्मू-कश्मीर में फंसे यात्री, 58 ट्रेनें रद्द,24 हजार तक पहुंचा हवाई किराया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.