लखनऊ का सहारा कॉम्प्लेक्स बिकने को तैयार, नीलामी 10 नवंबर को

Lucknow News: लखनऊ के गोमतीनगर स्थित विभूति खंड का मशहूर सहारा कॉम्प्लेक्स अब बिकने को तैयार है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने इसकी ई-नीलामी की तारीख तय कर दी है। जानकारी के मुताबिक, 10 नवंबर को नीलामी होगी और इसकी आरक्षित कीमत 85 करोड़ रुपये रखी गई है।

1987 में मिली थी 30 साल की लीज

सहारा कॉम्प्लेक्स, वेव मॉल के पास स्थित है। वर्ष 1987 में एलडीए ने इसे सहारा हाउसिंग कॉर्पोरेशन को 30 साल की लीज पर दिया था। लीज की अवधि साल 2017 में खत्म हो गई थी, लेकिन उसका नवीनीकरण नहीं कराया गया। इसके बाद मई 2025 में एलडीए ने लीज निरस्त कर दी और जून में कॉम्प्लेक्स पर कब्जा ले लिया। हालांकि दुकानदारों ने इसका विरोध किया और कुछ लोग न्यायालय भी पहुंचे, लेकिन अदालत से नीलामी रोकने का कोई आदेश नहीं आया।

खरीदार को मिलेगी निर्माण की छूट

एलडीए के अधिशासी अभियंता मनोज सागर के अनुसार, कॉम्प्लेक्स की हालत काफी जर्जर है और इसमें करीब 150 दुकानें हैं। नए खरीदार को इसे तोड़कर पुनर्निर्माण करने की अनुमति होगी। साथ ही जमीन को फ्री-होल्ड किया जाएगा, जिससे लीज का कोई झंझट नहीं रहेगा। जमीन का भू-उपयोग व्यावसायिक होने की वजह से निर्माण में भी कोई कानूनी बाधा नहीं होगी।

‘शान-ए-सहारा’ की चमक अब फीकी

एक समय सहारा कॉम्प्लेक्स को लखनऊ में मॉल कल्चर की शुरुआत माना जाता था। इसे उस दौर में ‘शान-ए-सहारा’ कहा जाता था और यहां रोजाना हजारों लोग पहुंचते थे। लेकिन शहर में नए-नए मॉल खुलने के बाद इसकी रौनक धीरे-धीरे कम होती चली गई।

नीलामी की आरक्षित कीमत भले ही 85 करोड़ रुपये तय की गई है, लेकिन जानकारों का मानना है कि गोमतीनगर के पॉश इलाके में स्थित इस जमीन का वास्तविक मूल्य 150 करोड़ रुपये से कम नहीं है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि नीलामी में बड़ी बोली लग सकती है।

Also Read: Lucknow News: मकान में लगी आग से मचा हड़कंप, 2 घंटे की मशक्कत के बाद बुझी लपटें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.