लखनऊ का कायाकल्प: गोमती नगर में 62 करोड़ से सुधरेगा ड्रेनेज, फ्लाईओवर के नीचे खेल सकेंगे बास्केटबॉल
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के सबसे पॉश इलाकों में शुमार गोमती नगर और विभूतिखंड के निवासियों के लिए राहत भरी खबरें हैं। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को विकास कार्यों का जायजा लिया और जलभराव से लेकर पार्किंग तक की समस्याओं के समाधान के लिए कड़े निर्देश जारी किए।
जलभराव से मुक्ति: 62 करोड़ का ‘मास्टर प्लान’
विभूतिखंड और हाईकोर्ट के पास बारिश में होने वाले जलभराव की समस्या अब बीते दिनों की बात होगी। विनय खंड-5 से दयाल पैराडाइज चौराहे तक करीब 3 किलोमीटर लंबे नाले को 62 करोड़ रुपये की लागत से अपग्रेड किया जाएगा।
आईआईटी के सुझावों पर अब इस पुराने ईंट वाले नाले को आरसीसी (RCC) में बदला जाएगा। इस हफ्ते से ही इसका काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही वैभव खंड में भी 2.77 करोड़ से नाले पर स्लैब डालने का काम जल्द पूरा होगा।
अवैध पार्किंग और कब्जे पर ‘स्ट्राइक’
विभूतिखंड के कमर्शियल इलाकों में अब पार्किंग की जिम्मेदारी खुद एलडीए संभालेगा। एलडीए उपाध्यक्ष ने विभूतिखंड की 9 पार्किंगों के संचालन के लिए टेंडर जारी कर दिया है। इससे अवैध अतिक्रमण हटेंगे और लोगों को अपनी गाड़ियां खड़ी करने में आसानी होगी।
सीजी सिटी (CG City) के उत्तरी भाग में सुल्तानपुर रोड को जोड़ने वाली 45 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान रोड का काम शुरू होगा। इस रास्ते में आने वाले सभी अवैध निर्माणों को ढहाने का आदेश दिया गया है।
ग्वारी फ्लाईओवर के नीचे खेल और मस्ती
खेल प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है कि गोमती नगर के ग्वारी फ्लाईओवर के नीचे खाली जगह का शानदार उपयोग किया गया है। यहां एक ‘स्पोर्ट्स एरीना’ तैयार किया गया है। अगले महीने से लोग यहां बास्केटबॉल और बैडमिंटन कोर्ट जैसी सुविधाओं का आनंद ले सकेंगे।
पार्क और भूखंडों का नियोजन
गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-6 (पीली कॉलोनी के पास) में जल्द ही एक नया पार्क विकसित होगा।
शहीद पथ सर्विस रोड के पास एलडीए की जमीन पर अवैध रूप से खड़ी जेसीबी मशीनों को हटाने और उस भूखंड को कब्जामुक्त कर नए सिरे से नियोजित करने का आदेश दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह और अधिशासी अभियंता मनोज सागर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एलडीए की इस सक्रियता से उम्मीद है कि गोमती नगर के बुनियादी ढांचे में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
Also Read: सिद्धार्थनगर को बड़ी सौगात: यूनिवर्सिटी और मेडिकल कॉलेज आए साथ, बेहतर इलाज का सपना होगा सच

