लुलु मॉल के सुपरवाइजर पर धर्मांतरण और रेप का आरोप, गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के लुलु मॉल में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक कैश सुपरवाइजर पर अपनी सहकर्मी से रेप करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी फरहान उर्फ फराज को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित 25 वर्षीय युवती, जो खुद भी लुलु मॉल में काम करती है, ने आरोपी फराज पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि फराज ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, उसने इस घटना का वीडियो भी बना लिया और उसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसका शारीरिक और मानसिक शोषण करता रहा।
वीडियो की धमकी देकर करता रहा शोषण
युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी फराज वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार होटलों और अपने घर ले जाकर दुष्कर्म करता रहा। जब भी युवती ने विरोध करने की कोशिश की, तो फराज उसे सिगरेट से जलाता था और पैसों की भी मांग करता था। युवती का आरोप है कि फराज ने उसके जेवर और पैसे भी ले लिए और लगातार पैसों की डिमांड करता रहता था।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
यह मामला सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र का है। युवती ने हिम्मत करके पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी फरहान उर्फ फराज के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी फरहान अयोध्या के घोसियाना का रहने वाला है, जबकि पीड़िता मूल रूप से सुल्तानपुर की है।
इस घिनौनी हरकत के सामने आने के बाद मॉल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: राजस्थान के चुरू में वायुसेना का जगुआर लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों के शव मिले

