वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया मचादो ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को सौंपा अपना नोबेल शांति पुरस्कार
Sandesh Wahak Digital Desk: वेनेजुएला की राजनीति में जारी भारी उथल-पुथल के बीच गुरुवार को व्हाइट हाउस से एक ऐसी खबर आई जिसने पूरी दुनिया को चौंका दिया। वेनेजुएला की प्रमुख विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचादो ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से निजी मुलाकात की और एक अभूतपूर्व कदम उठाते हुए अपना नोबेल शांति पुरस्कार उन्हें भेंट कर दिया। मचादो ने इस मुलाकात और जेस्चर को वेनेजुएला के नागरिकों के लिए एक ऐतिहासिक दिन बताया है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने मचादो के इस कदम की सराहना करने में देर नहीं लगाई। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर इस पल की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, मारिया एक असाधारण महिला हैं, जिन्होंने अपने देश के लिए बहुत संघर्ष किया है। उन्होंने मेरे द्वारा किए गए कार्यों के प्रति सम्मान जताते हुए अपना नोबेल शांति पुरस्कार मुझे सौंपा। यह आपसी सम्मान का एक बेहद शानदार तरीका है। धन्यवाद मारिया।
दोनों नेताओं के बीच यह पहली आमने-सामने की मुलाकात ऐसे वक्त में हुई है जब वेनेजुएला में सत्ता की तस्वीर पूरी तरह बदली हुई है। हाल ही में अमेरिकी सैनिकों ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को राजधानी काराकास में हिरासत में ले लिया था, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा। फिलहाल वहां का शासन कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज संभाल रही हैं (जो पहले उप-राष्ट्रपति थीं)। हालांकि मचादो ने 2024 के चुनाव में जीत का दावा किया था, लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप ने अभी तक उन्हें आधिकारिक तौर पर वेनेजुएला का नेता मानने की घोषणा नहीं की है। ट्रंप फिलहाल डेल्सी रोड्रिग्ज के साथ बातचीत को अधिक प्राथमिकता दे रहे हैं।
Also Read: Prayagraj News: माघ मेला में अखंड ज्योति से लगी आग में युवक गंभीर रूप से झुलसा

