माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में ‘व्हाइट कोट सेरेमनी’ का भव्य आयोजन, छात्रों ने ली सेवा की शपथ
SandeshWahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद स्थित माधव प्रसाद त्रिपाठी चिकित्सा महाविद्यालय के मल्टीपरपज हॉल में आज ‘व्हाइट कोट सेरेमनी’ का भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया। यह समारोह एमबीबीएस (MBBS) छात्रों के चिकित्सा जगत में प्रवेश की एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक परंपरा का प्रतीक है।
सेवा और नैतिकता की शपथ
समारोह के मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश मोहन ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि व्हाइट कोट सेरेमनी चिकित्सा छात्रों को सेवा, संवेदनशीलता और नैतिक मूल्यों की शपथ दिलाने का प्रतीक है।

MBBS 2025 बैच के छात्रों ने व्हाइट कोट धारण कर इस परंपरा को जीवंत किया। यह क्षण उनके चिकित्सा जीवन की एक नई और जिम्मेदार शुरुआत का संकेत था। डॉ. राजेश मोहन ने छात्रों से चिकित्सा पेशे की गरिमा, मानव सेवा के महत्व तथा चिकित्सकीय नैतिकता (Ethics) के पालन पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्हाइट कोट केवल एक परिधान नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, विश्वास और करुणा का प्रतीक है, जिसे हर चिकित्सक को अपने आचरण में आत्मसात करना चाहिए।
इस आयोजन में छात्रों ने एक-दूसरे के प्रति सौहार्द, सहयोग और समर्पण की भावना का परिचय दिया, जो भविष्य में उन्हें कुशल और संवेदनशील चिकित्सक बनने में मदद करेगा। समारोह अत्यंत अनुशासित, भावनात्मक और उत्साहपूर्ण रहा, जिसमें शिक्षकगण, अधिकारी और छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किए हनुमानगढ़ी और श्रीरामलला के दर्शन, अयोध्या में उत्साह का माहौल

