कोहरे का कहर, हाइवा और कार की भीषण टक्कर में 4 युवकों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के मधेपुरा जिले से आज सुबह एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। नेशनल हाईवे 106 (NH-106) पर घने कोहरे और तेज रफ्तार के जानलेवा तालमेल ने चार घरों के चिराग बुझा दिए। सदर थाना क्षेत्र के बिजली कार्यालय के पास एक अनियंत्रित हाइवा और कार की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में कार सवार चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा शनिवार तड़के उस समय हुआ जब मधेपुरा के ही रहने वाले चार युवक कार में सवार होकर कहीं जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह कोहरा काफी घना था और विजिबिलिटी बहुत कम थी। जैसे ही कार बिजली विभाग के दफ्तर के पास पहुँची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार हाइवा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और हाइवा के नीचे जा घुसा। धमाके की आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग घरों से बाहर निकल आए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घंटों की मशक्कत के बाद निकाले जा सके शव
सूचना मिलते ही मधेपुरा नगर थाना प्रभारी विमलेंदु कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कार की हालत इतनी खराब थी कि शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों की मदद से गैस कटर और अन्य औजारों का इस्तेमाल कर शवों को निकाला गया और अस्पताल भेजा गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, हादसे की मुख्य वजह घना कोहरा है, जिसके कारण दोनों चालकों को सामने से आता वाहन दिखाई नहीं दिया होगा। हादसे के तुरंत बाद हाइवा का ड्राइवर मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा और कार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है। मारे गए सभी युवक मधेपुरा के ही स्थानीय निवासी थे, जिससे पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई है।

