मधुबनी: NH-27 पर भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो और ट्रक की सीधी भिड़ंत में 4 लोगों की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के मधुबनी जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-27 पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। हादसा खोपा चौक के समीप हुआ, जहां एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो दरभंगा की दिशा से एनएच-27, खोपा चौक के पास आ रही थी। खोपा चौक से पहले अचानक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर कूद गई और विपरीत लेन (Wrong Side) में चली गई। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान और वाहन विवरण

दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो हरियाणा (HR) राज्य की बताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर गाड़ी मालिक से संपर्क करने का प्रयास कर रही है ताकि मृतकों के परिजनों को सूचित किया जा सके।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही फुलपरास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हाईवे पर बाधित यातायात को सुचारू कराया गया और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या चालक को झपकी आने की वजह से गाड़ी डिवाइडर पार कर गई थी।

Also Read: राज्यसभा के लिए आज नामांकन करेंगे नीतीश कुमार, क्या बीजेपी का कोई नया चेहरा बनेगा बिहार का मुख्यमंत्री?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.