Madhya Pradesh League 2025: अभिषेक पाठक ने ध्वस्त किया वैभव सूर्यवंशी का महारिकॉर्ड

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश टी20 लीग 2025 में शनिवार को खेले गए मुकाबले में बुंदेलखंड बुल्स के ओपनर अभिषेक पाठक ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 33 गेंदों में शतक जड़कर सनसनी मचा दी।

Abhishek Pathak

इस पारी में उन्होंने कुल 133 रन बनाए, जिसमें 15 छक्के और 7 चौके शामिल थे। अभिषेक ने इस प्रदर्शन के साथ वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया, जिन्होंने आईपीएल में 35 गेंदों में शतक बनाया था।

शानदार ओपनिंग साझेदारी, सिर्फ छक्कों से बनाए 90 रन 

बुंदेलखंड बुल्स की ओर से ओपनिंग करते हुए अभिषेक पाठक ने करण तहलियानी के साथ पहले विकेट के लिए 178 रनों की साझेदारी की। अभिषेक ने 13वें ओवर में आउट होने से पहले गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और सिर्फ छक्कों से ही 90 रन बना डाले।

दूसरे ओवर में उन्होंने तीन छक्के और फिर चौथे ओवर में रितेश शाक्या की गेंदों पर लगातार चार छक्के लगाए।

रनों की बारिश और गेंदबाजों की पिटाई

जबलपुर रॉयल लायंस के गेंदबाज इस पारी में खासा संघर्ष करते नजर आए। रितेश शाक्या ने अपने 4 ओवरों में 53 रन दिए, जबकि अनुभव अग्रवाल ने 3 ओवर में 43 रन लुटाए।

अंततः बुंदेलखंड बुल्स ने 20 ओवरों में 246 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में जबलपुर की टीम 227 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और मुकाबला बुंदेलखंड ने 19 रनों से जीत लिया।

“सूर्यकुमार यादव से सीखना चाहता हूं” – अभिषेक पाठक

मैच के बाद अभिषेक ने कहा, “मैंने 13 साल की उम्र से क्रिकेट खेलना शुरू किया। U16, U19 और U23 में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी भी खेल चुका हूं।

मैं सूर्यकुमार यादव का बहुत बड़ा फैन हूं और उनकी निरंतरता से प्रेरित हूं। मैं भी वैसी ही निरंतरता सीखने की कोशिश कर रहा हूं।”

सोमवार को सेमीफाइनल मुकाबले

रविवार को लीग स्टेज के दो अंतिम मुकाबले खेले जाएंगे। सोमवार, 23 जून को लीग के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले और मंगलवार, 24 जून को फाइनल श्रीमंत माधवराव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम, ग्वालियर में खेला जाएगा।

Also Read: ENG vs IND: पहले टेस्ट में पंत का तूफान, छक्के से पूरा किया शतक, भारत की बड़ी बढ़त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.