मध्य प्रदेश पर्यटन को मिलेगा नया आयाम, लखनऊ में निवेश और सहयोग पर बनी सहमति
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश पर्यटन को देश-दुनिया में नई पहचान देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया। लखनऊ के होटल ताज महल में आयोजित मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड रोड शो ने न केवल उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के पर्यटन व्यवसायियों को जोड़ा, बल्कि राज्यों के बीच सांस्कृतिक साझेदारी को भी मज़बूती दी।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का विज़न
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा, जब किसी राज्य में औद्योगिक, हरित और पर्यटन क्रांति एक साथ आए तो विकास की रफ्तार कई गुना बढ़ जाती है। यह रोज़गार, निवेश और सांस्कृतिक समृद्धि का मार्ग खोलती है।

धार्मिक पर्यटन का नया कॉरिडोर, गंगा से नर्मदा तक
पर्यटन सचिव शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि जल्द ही गंगा-नर्मदा कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जो काशी, प्रयागराज, अयोध्या, ओंकारेश्वर और उज्जैन को जोड़ते हुए धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। यह परियोजना यूपी-मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक होगी।
धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध मध्य प्रदेश
पर्यटन राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने प्रदेश की ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक विविधताओं की जानकारी देते हुए बताया कि 2024 में 13.41 करोड़ पर्यटक प्रदेश में आए। बाबा महाकाल, ओंकारेश्वर, चित्रकूट और अमरकंटक जैसे धार्मिक स्थल हर साल लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं।

संस्कृति, वन्यजीव और फिल्म टूरिज्म बना नया आकर्षण
मध्य प्रदेश को Tiger State, Leopard State, Cheetah State, Vulture State और Gharial State जैसे उपाधियों से नवाज़ा गया है। वहीं, फिल्म पर्यटन को प्रोत्साहन देने के लिए 350 से अधिक फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। फ़िल्म निर्माताओं को एकल विंडो सुविधा और टाइमबाउंड परमिशन दी जा रही है।
नई पर्यटन नीति 2025 में मिलेगा पूरा सहयोग
प्रदेश की नई नीति के तहत निवेशकों को पारदर्शी ई-निविदा प्रक्रिया, स्टाम्प ड्यूटी में छूट और भूमि लीज़ पर देने जैसी सुविधाएं मिलेंगी। 100 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश पर सरकार सीधे ज़मीन आवंटन भी करेगी।

यूपी से जुड़ाव और बेहतर कनेक्टिविटी
लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, आगरा जैसे यूपी के शहर अब भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और खजुराहो से बेहतर कनेक्टिविटी के माध्यम से जुड़े हैं। ट्रेन, हवाई और सड़क मार्ग से पर्यटकों की यात्रा और अधिक आसान हो गई है। ताज, मैरियट, रेडिसन, रामाडा जैसे लग्ज़री होटल्स से लेकर गोंड और भील कला वाले ग्रामीण होमस्टे तक, मध्य प्रदेश हर बजट और रुचि के पर्यटकों के लिए तैयार है। रोड शो में शामिल यूपी और एमपी के ट्रैवल एजेंट्स, होटल व्यवसायियों और टूर ऑपरेटरों ने साझा हितों पर मंथन किया और राष्ट्रीय पर्यटन समृद्धि की दिशा में संयुक्त प्रयास का भरोसा जताया।
Also Read: Lucknow: दो शातिर चोर गिरफ्तार, स्विफ्ट डिजायर और नकदी बरामद

