Rampur News: मदरसा इमाम पर पत्नी की तेजाब पिलाकर हत्या का आरोप, कब्र से निकाला गया शव

Rampur News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मिलक खानम थाना क्षेत्र के मिर्जापुर की रहने वाली सलमा की मौत के बाद उसके परिजनों ने दामाद और मदरसा इमाम कारी बशीर अहमद पर षड्यंत्र रचकर हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि बशीर ने दहेज के लिए प्रताड़ित करते हुए सलमा को सूजे से गोदकर और तेजाब पिलाकर मौत के घाट उतार दिया। अब इस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस रामपुर पहुंची है और रामपुर पुलिस की मदद से सलमा के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

दरअसल, सलमा का निकाह रामपुर के अजीम नगर थाना क्षेत्र के नगलिया आकिल का मझरा निवासी कारी बशीर अहमद से हुआ था, जो छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक मदरसे में इमाम है। सलमा की मौत के बाद बशीर उसके शव को गृह जनपद रामपुर ले आया था, जहाँ उसे दफन कर दिया गया था।

शरीर पर थे सूजे से गोदे जाने के निशान, पिलाया गया तेजाब

मृतक सलमा के भाई रागिब ने बताया कि जब उनकी बहन का शव रामपुर पहुंचा और महिलाओं ने दफन से पहले उसे नहलाने के लिए ले गईं, तब उन्होंने देखा कि उसके शरीर पर सूजे से गोदे जाने के कई निशान थे। शरीर में जगह-जगह सुराग किए गए थे और बहुत से ऐसे अंग थे जहाँ की तस्वीरें भी नहीं ली जा सकती थीं।

रागिब ने आगे बताया कि बशीर अहमद का कबाब बनाने का होटल है और कबाब बनाने वाले सूजे से ही शरीर को गोदा गया है। इसके अलावा, सलमा की टांग भी टूटी हुई थी और हाथ-पैरों में सुराख थे। रागिब के अनुसार, शादी के दो-तीन साल तक सब ठीक था, लेकिन उसके बाद बशीर अहमद और उसके परिवार वाले सलमा को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। वे उसके साथ मारपीट करते थे और जो कुछ हाथ में आता था, उसी से सलमा को मारते थे।

आरोपी पर मदरसे की छात्राओं से गलत काम करने का भी आरोप

मृतका के भाई ने बशीर अहमद पर और भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आरोपी बशीर का अन्य महिलाओं के साथ अफेयर है और वह एक मदरसा भी चलाता है। आरोप है कि वह मदरसे में आने वाले बच्चों, खासकर लड़कियों के साथ गलत हरकतें करता है। रागिब ने यह भी बताया कि बशीर के मदरसे का कोई रजिस्ट्रेशन भी नहीं है। उन्होंने बशीर पर कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

मृतका के भाई ने बताया कि जब वे छत्तीसगढ़ पहुंचे, तो सलमा की 7 साल की बेटी ने उन्हें पूरा वाकया बताया। बच्ची के अनुसार, सलमा को मारा-पीटा गया, बशीर के तीन-चार भाइयों ने मिलकर उसे तेजाब भी पिलाया। घटना को अंजाम देने के लिए कमरा बंद करके तेज आवाज़ में म्यूजिक बजाया गया था।

परिवार की गुहार पर कब्र से निकाला गया शव

सलमा की मौत 12 जुलाई को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हुई थी। जब परिवार वाले वहाँ पहुंचे, तो उन्हें पूरे मामले की जानकारी हुई और वे शव को लेकर रामपुर आ गए, जहाँ उसे दफन कर दिया गया था। अब परिवार ने बशीर अहमद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और पोस्टमार्टम की मांग की है, जिसके बाद दफन किए गए शव को निकालकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

एसपी रामपुर ने बताया कि मायके के लोग यहाँ आए थे और उन्होंने कल ही जिलाधिकारी से शव का तत्काल पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया था। जिलाधिकारी ने आदेश पारित कर दिया है और आज शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने आश्वासन दिया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर परिजन जैसी भी विधिक कार्रवाई चाहेंगे, वह की जाएगी।

Also Read: मातोश्री पहुंचकर राज ठाकरे ने उद्धव को दी जन्मदिन की बधाई, सालों बाद पिघली रिश्तों की बर्फ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.