Lucknow News: मदरसे के छात्रों ने पेश की मिसाल, पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए दान की पॉकेट मनी
Lucknow News: पंजाब में बाढ़ से मची तबाही के बाद, लखनऊ के दारुल उलूम फरंगी महल के छात्रों ने इंसानियत की एक शानदार मिसाल पेश की है। गुरुवार को इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया में एक कार्यक्रम के दौरान मदरसे के छात्रों ने अपनी पॉकेट मनी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दान कर दी। इस नेक पहल से प्रेरित होकर, उनके शिक्षकों ने भी अपनी एक दिन की तनख्वाह इस नेक काम के लिए दे दी।
इस मौके पर इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के चेयरमैन और लखनऊ के शाही इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने छात्रों और शिक्षकों की तारीफ करते हुए कहा, हज़रत मुहम्मद (स.अ.व.) ने फरमाया था कि तुम ज़मीन वालों पर रहम करो, आसमान वाला तुम पर रहम करेगा। इसी भावना के साथ हमें बाढ़ से प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करनी चाहिए।

टीम लखनऊ करेगी राहत सामग्री का वितरण
इस राहत राशि को टीम लखनऊ को सौंपा गया है। यह एक ऐसा समूह है जिसे 2018 में यूपी और केरल में आई बाढ़ के दौरान बनाया गया था, जिसमें हर धर्म के लोग शामिल हैं। टीम लखनऊ के सदस्य मुरलीधर आहूजा और मुर्तज़ा अली ने बताया कि वे शहर भर में 16 जगहों पर राहत सामग्री जमा कर रहे हैं। इस सभी सामग्री को जल्द ही पंजाब ले जाया जाएगा, ताकि सही और ज़रूरतमंद लोगों तक मदद पहुँच सके।

